CG News: 800 कर्मचारियों का बढ़ेगा महंगाई भत्ता, 3 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति, बोनस और वेतन वृद्धि पर भी फैसला
CG News: नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मुख्यालय में संचालक मंडल की 97वीं बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता संजय श्रीवास्तव ने की. इसमें निगम के कर्मचारियों से जुड़े अनुकंपा नियुक्ति, महंगाई भत्ता, बोनस, वेतन वृद्धि और यात्रा भत्ते समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई. बैठक में तीन पात्र आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने, करीब 800 कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी और अन्य प्रस्तावों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया.
![]()
तीन आश्रितों को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति
निगम सेवाकाल के दौरान किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने के मामले में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. इस फैसले से तीन पात्र अभ्यर्थियों को रोजगार का लाभ मिलेगा. इससे दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है. अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य ऐसे परिवारों के आश्रित सदस्यों को रोजगार उपलब्ध कराना है, जिनके सामने कर्मचारी की मृत्यु के बाद आजीविका का संकट पैदा हो जाता है.
दैनिक वेतनभोगियों के बोनस पर पहल
बैठक में सातवें वेतनमान के तहत निगम में कार्यरत करीब 800 कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि से संबंधित जानकारी रखी गई. इसके अलावा 105 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के बोनस का मामला भी चर्चा में आया. वर्ष 2023-24 और 2024-25 के बोनस की स्वीकृति के लिए वित्त विभाग को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं. इन फैसलों से संबंधित कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है.
109 सहायक कंप्यूटर प्रोग्रामरों की वेतन वृद्धि का प्रस्ताव
निक्सी के माध्यम से निगम में कार्यरत 109 सहायक कंप्यूटर प्रोग्रामरों के वेतन में बढ़ोतरी का मुद्दा भी बैठक में रखा गया. संचालक मंडल ने इस संबंध में राज्य शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग द्वारा यात्रा भत्ते को लेकर जारी आदेश को नागरिक आपूर्ति निगम में भी लागू करने का निर्णय लिया गया. इससे निगम कर्मचारियों को यात्रा भत्ते से जुड़े शासन के प्रावधानों का लाभ मिल सकेगा.
15,116.82 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नागरिक आपूर्ति निगम के आय-व्यय के अनुमानित बजट को भी संचालक मंडल ने मंजूरी दे दी. बैठक में 15,116.82 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट का अनुमोदन किया गया. बैठक में प्रबंध संचालक भोसकर विलास संदिपान, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के विशेष सचिव जगदीश सोनकर, वित्त विभाग के उप सचिव सीताराम तिवारी और कृषि विभाग के उप सचिव मनोज मित्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. निगम से जुड़े अन्य प्रशासनिक और वित्तीय विषयों पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए.
यह भी पढ़ें : CG News: बाट-माप कारोबार के लिए नई डिजिटल व्यवस्था लागू, ऑनलाइन स्व-घोषणा से मिलेगा पंजीयन प्रमाण-पत्र
