CG News: जुलाई 2026 से बढ़ सकता है महंगाई भत्ता, कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा लाभ
CG News: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ते को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. जुलाई 2026 से डीए और डीआर में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है. उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के नए आंकड़े जारी होने के बाद महंगाई भत्ता बढ़ने की उम्मीद और मजबूत हो गई है.
63 प्रतिशत तक पहुंच सकता है DA
जून 2026 के CPI-IW आंकड़ों के आधार पर महंगाई भत्ते की गणना में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मौजूदा 60 प्रतिशत डीए में तीन प्रतिशत की वृद्धि के बाद यह 63 प्रतिशत तक पहुंच सकता है. इस फैसले का फायदा देशभर के एक करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलने की उम्मीद है.
वेतन और पेंशन में होगा असर
महंगाई भत्ता बढ़ने से कर्मचारियों के मासिक वेतन और पेंशनरों की महंगाई राहत राशि में बढ़ोतरी होगी. बढ़ती महंगाई के बीच यह राहत कर्मचारियों के लिए आर्थिक मदद साबित हो सकती है. हालांकि अंतिम निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही लागू होगा.
राज्य कर्मचारियों को भी इंतजार
वहीं छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारी अभी भी जनवरी 2026 से लंबित दो प्रतिशत महंगाई भत्ते की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं. कर्मचारी संगठन लगातार सरकार से लंबित डीए जारी करने की मांग उठा रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं.
जल्द फैसले की उम्मीद
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों में उम्मीद बढ़ गई है. अब सभी की नजर सरकार की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है. यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो जुलाई 2026 से कर्मचारियों और पेंशनरों को बढ़े हुए डीए और डीआर का लाभ मिलना शुरू हो सकता है.




