CG News: खनिज राज्य से औद्योगिक हब तक छत्तीसगढ़ का सफर, लाखों रोजगार की उम्मीद
CG News: छत्तीसगढ़ अब सिर्फ खनिज संपदा वाले राज्य के रूप में नहीं बल्कि तेजी से विकसित होते औद्योगिक केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है. नई औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 लागू होने के बाद राज्य में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. ढाई वर्षों में 264 औद्योगिक परियोजनाओं से 8.22 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है.
कई परियोजनाएं पहुंचीं आगे के चरण में
राज्य में प्राप्त निवेश प्रस्तावों में कई परियोजनाएं जमीन, निर्माण और उत्पादन के चरण तक पहुंच चुकी हैं. 154 परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है, जबकि कई इकाइयों में उत्पादन शुरू हो गया है. निवेश आकर्षित करने के लिए देश के प्रमुख शहरों और जापान में इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे उद्योगों को बढ़ावा मिला है.
रोजगार पर केंद्रित नई औद्योगिक नीति
नई औद्योगिक नीति को रोजगार बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है. इसमें प्रशिक्षण सहायता, ईपीएफ प्रतिपूर्ति और अधिक रोजगार देने वाली कंपनियों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है. टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स, एआई और फार्मा जैसे क्षेत्रों को भी विशेष पैकेज देकर निवेश के लिए आकर्षित किया जा रहा है.
आसान हुई उद्योग स्थापना की प्रक्रिया
छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाना आसान बनाने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत कई सुधार किए गए हैं. नए सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए 150 से ज्यादा सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं. साथ ही एआई आधारित सहायता प्रणाली और अन्य सुधारों से निवेशकों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है.
बड़े प्रोजेक्ट बदलेंगे औद्योगिक तस्वीर
नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर यूनिट और एआई डेटा सेंटर जैसे बड़े प्रोजेक्ट राज्य की औद्योगिक पहचान को नई दिशा दे रहे हैं. इसके अलावा गारमेंट उद्योग और फर्टिलाइजर प्लांट जैसी परियोजनाओं से हजारों रोजगार मिलने की संभावना है. सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को भविष्य के उद्योगों का मजबूत केंद्र बनाना है.




