CG News: इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर विवाद, CM साय ने मां के सम्मान पर किया पोस्ट
CG News: इंदौर में 19 सितंबर को आयोजित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर पुलकित मणि ने पीएम मोदी के बोलने के अंदाज और हाव-भाव की नकल की थी. इसके बाद बीजेपी नेताओं की ओर से इस प्रस्तुति को लेकर आपत्ति जताई गई.

CM साय ने मां के सम्मान पर किया पोस्ट
विवाद के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मां के सम्मान से जुड़ी कविता की पंक्तियां साझा कीं. उन्होंने लिखा, ‘माँ है ममता, माँ है करुणा, माँ जीवन का आधार है, माँ के चरणों में समर्पित पूरा ये संसार है. माँ का करे अपमान वो कुपुत्र ही कहलायेगा, माँ का करे तिरस्कार वो कहीं ठौर न पायेगा.’ हालांकि, सीएम साय ने अपनी पोस्ट में न तो राहुल गांधी का नाम लिया और न ही इंदौर के कार्यक्रम का सीधा उल्लेख किया.

पुलकित मणि की प्रस्तुति में क्या हुआ
रिपोर्टों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बोलने की शैली, हाव-भाव और सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल किए जाने वाले कुछ अंदाज की मिमिक्री की. एक्ट में ‘Hello My Friend’ और हग डिप्लोमेसी जैसे संदर्भ भी शामिल थे. प्रस्तुति के एक हिस्से में प्रधानमंत्री से जुड़े एक पुराने सार्वजनिक प्रसंग को भी व्यंग्य के तौर पर पेश किया गया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मंगाने का संदर्भ था. इसी हिस्से को लेकर बीजेपी नेताओं की आपत्ति सामने आई.
CM मोहन यादव ने भी जताई आपत्ति
इस मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी राहुल गांधी के कार्यक्रम और मंच पर हुई प्रस्तुति को लेकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने इसे शर्मनाक, निंदनीय और अशोभनीय बताया. सीएम मोहन यादव ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को ‘झूठ की गूंज’ बताते हुए आरोप लगाया कि युवाओं के मंच पर इस तरह की प्रस्तुति से गलत संदेश जाता है. वहीं, कार्यक्रम का मुख्य हिस्सा छात्रों की शिक्षा, रोजगार, परीक्षा व्यवस्था और अन्य समस्याओं पर संवाद से जुड़ा था.
मां के सम्मान को लेकर सियासत हुई तेज
इंदौर की इस घटना के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. बीजेपी नेताओं ने मिमिक्री और मां से जुड़े संदर्भ को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि कार्यक्रम की व्यापक चर्चा छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी हुई. इसी राजनीतिक विवाद के बीच सीएम विष्णुदेव साय की मां के सम्मान को लेकर की गई पोस्ट ने भी लोगों का ध्यान खींचा है. हालांकि, उनकी पोस्ट में किसी नेता या कार्यक्रम का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया गया है.


One Response