CG News: खराब मौसम के चलते CM साय का सूरजपुर और बलरामपुर दौरा स्थगित
CG News: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के असर और खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया है. मुख्यमंत्री को रायपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होना था, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण हेलीकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं मिल सकी. इसके बाद दौरे को स्थगित करने का निर्णय लिया गया.

सूरजपुर में होने थे विकास कार्यों के लोकार्पण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सुबह करीब 11 बजे रायपुर से रवाना होना था. इसके बाद दोपहर लगभग 12:20 बजे सूरजपुर जिले के प्रेमनगर स्थित मिडिल स्कूल मैदान पहुंचने का कार्यक्रम था. यहां उन्हें विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करना था. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां भी की गई थीं, सूरजपुर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का अगला पड़ाव बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के जशवंतपुर में निर्धारित था. यहां दोपहर करीब 2:40 बजे स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण किया जाना था. इसके साथ ही मुख्यमंत्री को क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करना था. खराब मौसम के चलते ये कार्यक्रम फिलहाल स्थगित हो गए हैं.
जशपुर के बगिया पहुंचने का था कार्यक्रम
दोनों जिलों में कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री को शाम करीब 4:30 बजे जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निजी निवास पहुंचना था. यहां उनका रात्रि विश्राम प्रस्तावित था. लेकिन सूरजपुर और बलरामपुर का दौरा स्थगित होने के बाद निर्धारित कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे में विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम शामिल था. हेलीकॉप्टर की उड़ान के लिए मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण दौरा स्थगित किया गया. फिलहाल, दौरे के लिए नई तारीख तय होने की जानकारी उपलब्ध नहीं है.


One Response