CG News: रायपुर में CM साय की हाईलेवल बैठक, जर्जर भवनों और अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
CG News: रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में संभागायुक्तों, आईजी, कलेक्टर, एसपी और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से चर्चा की गई. CM साय ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल घटना होने के बाद कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि संभावित खतरों को पहले पहचानकर उन्हें खत्म करना भी जरूरी है.

स्कूल और हॉस्टल का होगा सेफ्टी ऑडिट
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में हॉस्टल, पीजी, कोचिंग सेंटर, स्कूल और बड़े शैक्षणिक भवनों का तत्काल निरीक्षण कराने के निर्देश दिए. इन संस्थानों में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए सेफ्टी ऑडिट भी कराया जाएगा. जहां भी कमियां सामने आएंगी, वहां सुधार के लिए समय सीमा तय की जाएगी. कलेक्टर और एसपी को इसकी नियमित निगरानी कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि शासन के निर्देशों का असर जमीन पर दिखाई दे.
जर्जर भवनों की होगी पहचान
CM साय ने स्कूल, पुस्तकालय, छात्रावास और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद पुराने एवं जर्जर भवनों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए. ऐसे भवन जिनसे दुर्घटना या जनहानि का खतरा हो सकता है, उनकी पहचान कर तत्काल जरूरी कदम उठाने को कहा गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि खासकर बच्चों और विद्यार्थियों से जुड़े संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जोखिम को दुर्घटना से पहले ही खत्म किया जाए.
अवैध और मिलावटी शराब पर चलेगा अभियान
बैठक में मुख्यमंत्री ने अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए. पुलिस, आबकारी विभाग और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ संदिग्ध स्थानों पर संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया. अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण या परिवहन की आशंका वाले इलाकों में छापेमारी तेज करने के निर्देश दिए गए. दूसरे राज्यों से होने वाली अवैध शराब की आवक पर रोक लगाने के लिए भी सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई पर जोर दिया गया.
लापरवाही पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिम्मेदारी में चूक मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी. CM ने सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशों पर तत्काल अमल शुरू करने और अपने-अपने जिलों में कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने को कहा. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ संभावित जोखिमों को समय रहते खत्म करने पर विशेष जोर दिया गया.


One Response