CG News: रायपुर में CM साय ने की जल संरक्षण की समीक्षा, हर घर नल और भविष्य की जल सुरक्षा पर जोर
CG News: रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जल संरक्षण और जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा की. मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई बैठक में जल संसाधन विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से जिलेवार कार्यों की जानकारी ली गई. CM साय ने स्पष्ट किया कि जल संचय के कामों को वर्तमान जरूरतों के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जोड़कर देखा जाए और तय लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए.

जनभागीदारी से आगे बढ़ेगा जल संचय अभियान
मुख्यमंत्री ने जल संचय जन भागीदारी अभियान की समीक्षा करते हुए नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आम लोगों की भागीदारी से इसे व्यापक अभियान बनाया जाए. वर्ष 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों की सराहना करते हुए कोरिया, धमतरी और राजनांदगांव सहित अन्य जिलों के कामों से सीख लेने के निर्देश दिए गए.
गुणवत्ता और समयसीमा पर कोई समझौता नहीं
CM साय ने अधिकारियों को सभी जिलों में जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए. उन्होंने नोटिफाइड नक्शे तैयार करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और सामने आने वाली कमियों का तत्काल समाधान करने को कहा. मुख्यमंत्री ने साफ किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं. अभियान की मुख्य सचिव स्तर पर भी नियमित समीक्षा होगी.
हर घर नल से स्वच्छ पानी पहुंचाने पर फोकस
बैठक में जल जीवन मिशन की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल पाइपलाइन और अन्य बुनियादी ढांचा तैयार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार तक नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है. उन्होंने मिशन के शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए. साथ ही कलेक्टरों को जिला स्तर पर नियमित समीक्षा कर प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनों का तुरंत समाधान करने को कहा.
जल सुरक्षा को लेकर बनेगी दीर्घकालिक योजना
मुख्यमंत्री ने पूर्ण हो चुके जल जीवन मिशन के कार्यों के भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि निर्धारित मापदंड और गुणवत्ता के अनुरूप पूरे कार्यों का भुगतान समय पर किया जाए. CM साय ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार हर जिले में प्रभावी जल सुरक्षा योजना तैयार करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया. उनका कहना है कि सरकार और समाज की साझी भागीदारी से छत्तीसगढ़ जल संरक्षण का बेहतर मॉडल देश के सामने पेश कर सकता है.


One Response