CG News: छत्तीसगढ़ में शहरी विकास पर CM साय का फोकस, समय पर काम और बेहतर सुविधाओं के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा बैठक में शहरों को अधिक सुविधाजनक और नागरिक-केंद्रित बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि शहरी विकास का मतलब सिर्फ सड़क और दूसरी अधोसंरचनाएं बनाना नहीं है, बल्कि लोगों को स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और बेहतर सार्वजनिक परिवहन जैसी जरूरी सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए.

विकास कार्यों में देरी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्वीकृत योजनाओं और निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी. बैठक में नगरोत्थान योजना और आदर्श शहर समृद्धि योजना की भी समीक्षा हुई. 2026-27 के बजट में आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
युवाओं और आवास पर भी फोकस
शहरों में युवाओं के लिए तैयार किए जा रहे नालंदा परिसर की प्रगति की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने ली. प्रदेश के 38 नगरीय निकायों में इन परिसरों के निर्माण को मंजूरी दी गई है. इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की समीक्षा करते हुए पात्र परिवारों को जल्द आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.
सार्वजनिक परिवहन और स्वच्छता को बढ़ावा
सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा में 240 ई-बसों के संचालन की तैयारी चल रही है. सरकार का लक्ष्य मार्च 2027 से पहले जरूरी अधोसंरचना तैयार करना है. वहीं, शहरों में कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए प्रोसेसिंग प्लांट और हरित क्षेत्रों के विस्तार पर भी मुख्यमंत्री ने जोर दिया.
पेयजल और अमृत मिशन पर सख्ती
अमृत मिशन 2.0 की धीमी प्रगति पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए. शहरी क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता देने की बात कही गई. साथ ही सीवेज ट्रीटमेंट, राजस्व संग्रह और नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान पर भी अधिकारियों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए.


One Response