CG News: CM साय ने शुरू की ‘रेशम से रोशन जशपुर’ योजना, टसर उत्पादन में जिला नंबर वन
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में ‘रेशम से रोशन जशपुर’ योजना का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि योजना के जरिए जशपुर में टसर और मलबरी रेशम कीटपालन को नई पहचान मिल रही है. वर्ष 2025-26 में जशपुर टसर कोसा उत्पादन के मामले में पूरे छत्तीसगढ़ में पहले स्थान पर रहा है. रेशम उत्पादन से किसानों और ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर मिल रहे हैं.

1,939 किसान योजना से जुड़े
जिला रेशम विभाग के अनुसार जिले में 1,527.5 हेक्टेयर क्षेत्र में नवीन और विकसित पौधरोपण किया गया है. फिलहाल 66 रेशम उत्पादन केंद्र और 84 कृमिपालन समूह सक्रिय हैं. कुल 1,939 किसान योजना से जुड़े हुए हैं. टसर कीटों के लिए साजा और अर्जुना प्रमुख खाद्य पौधे हैं. करीब 45 से 55 दिनों के कीटपालन के बाद एक किसान को औसतन 15 हजार टसर ककून मिलते हैं.
एक फसल से 1.20 लाख तक कमाई
सरकार ए ग्रेड ककून 5,000 रुपए प्रति हजार, बी ग्रेड 4,150 रुपए और सी ग्रेड 3,000 रुपए प्रति हजार की दर से खरीदती है. इस व्यवस्था से किसानों को प्रति फसल करीब 80 हजार से 1.20 लाख रुपए तक की आय मिल रही है. विभाग स्वस्थ डिम्ब समूह सिर्फ 2 रुपए प्रति समूह की रियायती दर पर उपलब्ध कराता है. साथ ही किसानों को निःशुल्क तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जाता है.
उत्पादन में जशपुर ने बनाया रिकॉर्ड
वर्ष 2025-26 के दौरान जशपुर जिले में 1,21,65,649 नग कोसा फल का उत्पादन हुआ. इसकी बाजार कीमत 72,84,820 रुपए बताई गई है. इसी अवधि में 4,69,562 स्वस्थ डिम्ब समूह पालित किए गए. रेशम उत्पादन का विस्तार ग्रामीण परिवारों के लिए आय और रोजगार के नए अवसर तैयार कर रहा है.
बीज और मलबरी से भी अतिरिक्त आय
टसर बीज उत्पादन योजना के तहत बीजागार निर्माण के लिए 47,500 रुपए और बीज कोसा खरीद के लिए 23,750 रुपए की चक्रीय राशि अनुदान के रूप में दी जा रही है. एक बीज उत्पादक प्रति फसल 4,000 स्वस्थ डिम्ब समूह तैयार कर 10 रुपए प्रति समूह की दर से बेच सकता है. वहीं शहतूत बगान विकसित करने के लिए 5 लाख रुपए तक का अनुदान दिया जा रहा है. पूर्ण विकसित बगान से किसान सालाना 80 हजार से 1 लाख रुपए तक की आय कमा सकता है.
यह भी पढ़ें : CG News: मानव-हाथी सह-अस्तित्व की नई पहल, CM साय ने ‘गजरथ यात्रा-भाग 02’ का किया विमोचन




