CG News: पटवारियों की हड़ताल पर CM साय की दो टूक, मांगों और कार्रवाई पर दिया बड़ा भरोसा
CG News: छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने आंदोलन कर रहे पटवारियों से काम पर वापस लौटने की अपील की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनकी समस्याओं और जायज मांगों पर बातचीत करने के लिए तैयार है. मांगों पर सकारात्मक विचार भी किया जाएगा, लेकिन इसके लिए पटवारियों को पहले अपनी ड्यूटी पर लौटना होगा.
सरकार बातचीत के लिए तैयार
19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कर्मचारियों को अपने काम पर लौटकर जनता की सेवा करनी चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पटवारियों के साथ बातचीत करने के लिए पूरी तरह तैयार है. उनकी जो भी उचित मांगें होंगी, उन्हें पूरा करने की दिशा में सरकार प्रयास करेगी.
![]()
किसान परिवारों से जुड़ा बताया रिश्ता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पटवारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे भी किसी न किसी किसान परिवार से आते हैं. वे किसी परिवार के बेटे और भाई हैं, इसलिए उन्हें किसानों की परेशानियों और उनकी जरूरतों को समझना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए धान खरीदी का काम सुचारू रूप से चल रहा है और फिलहाल कहीं कोई परेशानी नहीं है. ऐसे में पटवारियों को भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए काम पर लौटना चाहिए.
कार्रवाई पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार
मुख्यमंत्री ने पटवारियों से हड़ताल समाप्त कर सरकार के साथ बातचीत शुरू करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि काम पर लौटने के बाद उनकी मांगों पर निश्चित रूप से विचार किया जाएगा. इसके साथ ही हड़ताल के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के मामले में भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी. इस बयान से आंदोलनरत कर्मचारियों को बातचीत के जरिए समाधान निकलने की उम्मीद मिली है.
अब पटवारी संगठन के फैसले पर नजर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस बयान को पटवारी आंदोलन के बीच सरकार की ओर से संवाद और समाधान की पहल के तौर पर देखा जा रहा है. सरकार ने एक तरफ जायज मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया है, तो दूसरी तरफ पटवारियों से किसानों और आम जनता के हित में काम पर लौटने को कहा है. अब सबकी नजर पटवारी संगठन के अगले कदम पर रहेगी कि वह मुख्यमंत्री की अपील पर क्या रुख अपनाता है और क्या हड़ताल खत्म करने को लेकर कोई सहमति बन पाती है.

One Response