CG News: बेंगलुरु में सत्य साईं ग्राम समारोह में पहुंचे CM साय, बोले, मूल्य आधारित शिक्षा से बनेगा विकसित भारत
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित मुद्देनहल्ली में आयोजित सत्य साईं ग्राम स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने संस्थान की 50 वर्षों की यात्रा को प्रेरणादायी बताते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की.

CM साय ने जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सद्गुरु मधुसूदन साई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सत्य साईं ग्राम के ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है. उन्होंने कहा कि यह संस्थान पिछले पांच दशकों से शिक्षा, सेवा और मानवीय मूल्यों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है.
छत्तीसगढ़ की धरती से जुड़े हैं सद्गुरु मधुसूदन साई
CM साय ने कहा कि सद्गुरु मधुसूदन साई का जन्म छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुआ, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पवित्र धरती ने ऐसे आध्यात्मिक व्यक्तित्व को जन्म दिया, जिनका जीवन आज पूरी मानवता के लिए प्रेरणा बन चुका है, उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा को भारतीय संस्कृति की बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि सत्य साईं ग्राम की यात्रा श्रद्धा, विश्वास और समर्पण से आगे बढ़ी है.

मूल्य आधारित शिक्षा पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तकनीक और डिजिटल क्रांति का दौर है. ऐसे समय में शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण और नैतिक मूल्यों का होना बेहद जरूरी है, उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन शिक्षा व्यवस्था तक्षशिला, नालंदा और गुरुकुल परंपरा में ज्ञान के साथ अनुशासन, सेवा और संस्कारों को महत्व दिया जाता था. विकसित भारत का सपना मूल्य आधारित शिक्षा के बिना पूरा नहीं हो सकता.
4000 विद्यार्थियों को मिल रही निःशुल्क शिक्षा
CM साय ने सत्य साईं संस्थान के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निःशुल्क और मूल्य आधारित शिक्षा दी जा रही है, उन्होंने बताया कि संस्थान में करीब 4000 विद्यार्थी कक्षा 6 से लेकर पीएचडी स्तर तक शिक्षा, आवास, भोजन और व्यक्तित्व विकास की सुविधाएं प्राप्त कर रहे हैं.

स्वास्थ्य सेवा के मॉडल की सराहना
मुख्यमंत्री ने सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल रायपुर का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व की बात है कि यहां जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क और विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में रायपुर में संजीवनी बाल हृदय चिकित्सालय की नींव रखी गई थी और 2012 में देश के पहले पूर्णतः निःशुल्क बाल हृदय अस्पताल की शुरुआत हुई.

40 हजार से ज्यादा बच्चों को मिला जीवनदान
CM साय ने कहा कि सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में अब तक 40 हजार से अधिक निःशुल्क जीवनरक्षक हृदय सर्जरी की जा चुकी हैं. उन्होंने इसे सेवा, करुणा और मानवता का जीवंत उदाहरण बताया, CM साय ने कहा कि सत्य साईं ग्राम का “एक विश्व, एक परिवार” का संदेश भारत के प्राचीन दर्शन “वसुधैव कुटुम्बकम्” को साकार करता है. उन्होंने कहा कि यह संस्थान दुनिया के कई देशों में मानव सेवा का कार्य कर रहा है.
शिक्षा और स्वास्थ्य पर दे रही जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं के विकास, कौशल शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है, उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे संस्कार, कौशल, सेवा और चरित्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास कर रही है.
स्वर्ण जयंती महिला छात्रावास का हुआ शिलान्यास
समारोह के दौरान स्वर्ण जयंती महिला छात्रावास का शिलान्यास भी किया गया. मुख्यमंत्री ने इसे बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया, उन्होंने शिक्षकों, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और स्वयंसेवकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि किसी भी महान संस्था की सबसे बड़ी ताकत उसके सेवाभावी लोग होते हैं.
सेवा और करुणा की परंपरा से जुड़ा है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सेवा, अध्यात्म और लोककल्याण की समृद्ध परंपरा वाली भूमि है. भगवान श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की जन्मभूमि होने के कारण यहां सेवा और करुणा के संस्कार गहराई से जुड़े हुए हैं, उन्होंने कहा कि सत्य साईं ग्राम के विचार और छत्तीसगढ़ की संस्कृति एक-दूसरे के बेहद करीब हैं.

