CG News: मुख्य सचिव विकासशील ने ली वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक, रिक्त पदों की जानकारी और जन-हितैषी योजनाओं पर दिए निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों, अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, बैठक में शासकीय योजनाओं की प्रगति और विभागीय कामकाज की गहन समीक्षा की गई, मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों और जनकल्याणकारी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं.

विकसित भारत विजन पर जोर
बैठक के दौरान आगामी खरीफ विपणन वर्ष के लिए धान खरीदी की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और जल संसाधन विभाग को जल प्रबंधन की बेहतर कार्ययोजना बनाने तथा नगरीय विकास विभाग को ‘विकसित भारत-2047’ के विजन के अनुरूप सिटी वाटर प्लान तैयार करने को कहा गया, इसके अतिरिक्त परिवहन विभाग को ई-व्हीकल्स को बढ़ावा देने और खाद्य विभाग को सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन पॉलिसी बनाने के निर्देश मिले.
स्कोर कार्ड और ई-गजट का उपयोग
जिलों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी के लिए स्कोर कार्ड को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कलेक्टरों के प्रदर्शन का सही मूल्यांकन हो सके, शासन द्वारा जारी सभी नियमों और विधिक निर्देशों की प्रतियां ‘ई-गजट’ पर अपलोड करने को कहा गया है, ताकि अधिकारियों को संदर्भ लेने में आसानी हो, साथ ही पेंशन से संबंधित लंबित मामलों के जल्द से जल्द निराकरण और कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने के लिए क्षमता निर्माण योजना तैयार करने पर बल दिया गया.
30 सितंबर तक रिक्त पदों का ब्यौरा
कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने के उद्देश्य से मुख्य सचिव ने सभी विभागों को रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी 30 सितंबर तक अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए, बैठक में बताया गया कि वर्तमान में ‘सेवा सेतु’ के जरिए 38 विभागों की 907 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं, इसके अलावा लोक सेवा गारंटी अधिनियम, रिफॉर्म उत्सव और अक्टूबर माह में आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई.
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
गृह विभाग की सचिव नेहा चम्पावत ने जानकारी दी कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के माध्यम से नशा विरोधी सूचनाओं का संकलन कर भारत सरकार को समेकित रिपोर्ट भेजी जाएगी, इस उच्चस्तरीय बैठक में वन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.


One Response