CG News: जांजगीर-चांपा में महानदी उफान पर, कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण बैराज और पुल का किया निरीक्षण
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जांजगीर-चांपा जिले में महानदी के बढ़ते जलस्तर और तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है, कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, पुल और तटीय क्षेत्रों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया, अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा और राहत कार्यों के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं.

महानदी पुल पर आवागमन बंद
सुरक्षा के दृष्टिकोण से महानदी पुल पर पानी का बहाव बढ़ने के कारण आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है, अधिकारियों ने महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया, राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित लोगों के ठहरने, भोजन, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश और शौचालय सहित सभी बुनियादी जरूरतें सुनिश्चित की गई हैं, ताकि प्रभावितों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

जोखिम न उठाने की अपील
प्रशासन द्वारा तटीय और संवेदनशील क्षेत्रों में मुनादी कराकर नागरिकों को जलभराव के प्रति लगातार सतर्क किया जा रहा है, कलेक्टर और एसपी ने आम जनता से अपील की है कि वे उफनती नदी, पुल-घाटों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के पास न जाएं, विशेष रूप से पानी के पास जाकर सेल्फी या वीडियो बनाने जैसे खतरनाक जोखिम उठाने से बचें और बंद किए गए मार्गों का पालन करें.
स्वास्थ्य टीमों की तैनाती और बहु-विभागीय समन्वय
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें तैनात कर दी गई हैं, जो नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच कर रही हैं, जलभराव के कारण फैलने वाले संक्रमणों से बचाव के लिए आवश्यक दवाएं और स्वच्छता संबंधी उपाय किए जा रहे हैं, कलेक्टर ने राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभागों को बेहतर आपसी समन्वय के साथ मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं.
बचाव दल पूरी तरह तैयार
महानदी के तटीय इलाकों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, आवश्यकता पड़ने पर तटीय क्षेत्रों से लोगों को तत्काल सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव दलों को संसाधनों के साथ तैयार रखा गया है, निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राहुल थवाईत, जांजगीर एसडीएम सुब्रत प्रधान, शिवरीनारायण एसडीएम भावना साहू सहित संबंधित विभागों के कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.


One Response