CG News: मुख्यमंत्री साय करेंगे श्रमिक परिवारों के टॉपर बच्चों का सम्मान, मिलेंगे 2 लाख रुपये तक के लाभ
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 जून को रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को सम्मानित करेंगे। यह सम्मान मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत दिया जाएगा।
टॉप-10 छात्रों को मिलेगा सम्मान
शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में टॉप-10 स्थान प्राप्त करने वाले श्रमिक परिवारों के बच्चों को इस कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और मंडल अध्यक्ष राम प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे।
प्रत्येक छात्र को मिलेंगे 2 लाख रुपये
योजना के तहत चयनित प्रत्येक मेधावी छात्र को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उच्च शिक्षा और आवागमन की सुविधा के लिए दोपहिया वाहन खरीदने हेतु 1 लाख रुपये का अतिरिक्त अनुदान भी दिया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक विद्यार्थी को कुल 2 लाख रुपये की सहायता मिलेगी।
शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्रों को नई उड़ान मिलेगी।
योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी शर्तें
योजना का लाभ लेने के लिए हितग्राही श्रमिक का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में कम से कम 90 दिन पहले से पंजीकृत होना आवश्यक है। साथ ही यह लाभ केवल पंजीकृत निर्माण श्रमिक के प्रथम दो बच्चों को ही दिया जाएगा, अधिकारियों के अनुसार इस योजना का लाभ एक शैक्षणिक वर्ष में केवल एक बार ही प्राप्त किया जा सकता है। योजना का उद्देश्य योग्य और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन देना है।




