CG News: सारंगढ़-बिलाईगढ़ के भीखमपुरा में मुख्यमंत्री का दौरा, पीएम आवास योजना के तहत निर्माण कार्यों का निरीक्षण
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुशासन तिहार के अंतर्गत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड स्थित ग्राम भीखमपुरा पहुंचे। यहां उन्होंने सपेरा बस्ती में चल रहे विकास कार्यों और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण किया।

ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद
मुख्यमंत्री ने सवरा (सपेरा) जनजाति के परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि वे पिछले लगभग 35 वर्षों से कच्चे घरों में रह रहे थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्के घर मिलने की उम्मीद जगी है।

निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
सीएम साय ने अधिकारियों को सभी स्वीकृत आवासों और अन्य विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो।

लाभार्थियों को मिल रही बुनियादी सुविधाएं
भीखमपुरा की सपेरा बस्ती में 68 परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास, सीसी रोड और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। यहां प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और अन्य योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।
विभिन्न वर्षों में आवास स्वीकृति
इस क्षेत्र में वर्ष 2024-25 में 25 आवास, वर्ष 2025-26 में 14 आवास तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 14 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा 10 पात्र परिवारों को आवास प्लस 2.0 सर्वे में शामिल किया गया है।
दिव्यांगों और बच्चों से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने दिव्यांग हितग्राही रमाबाई सिदार को बैसाखी प्रदान कर सहयोग किया और बच्चों को चॉकलेट देकर उनसे आत्मीय बातचीत की। उनकी सहजता से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कदम का पौधा और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बरगद का पौधा रोपित किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।


