CG News: नारायणपुर के किसान धरमू उसेंडी बने सफलता की मिसाल, बिजली और आधुनिक खेती से बढ़ी आय
CG News: नारायणपुर जिले के ग्राम तेलसी के किसान धरमू उसेंडी ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकते हैं। कभी मौसम और सिंचाई की समस्याओं से जूझने वाले धरमू आज अपने क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।
पहले बारिश पर निर्भर थी पूरी खेती
कुछ समय पहले तक धरमू उसेंडी की खेती पूरी तरह मानसूनी बारिश पर निर्भर थी। बारिश की अनिश्चितता के कारण कई बार फसलें खराब हो जाती थीं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। सिंचाई के लिए डीजल पंप का उपयोग भी महंगा साबित हो रहा था, सरकारी योजना के तहत जब उन्हें कृषि कार्य के लिए बिजली कनेक्शन मिला, तो उनकी खेती की दिशा ही बदल गई। उन्होंने विद्युत चालित पंप लगाकर सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया। इससे डीजल का खर्च खत्म हुआ और फसलों को समय पर पानी मिलने लगा।
आधुनिक खेती की ओर बढ़ा कदम
इसके बाद धरमू ने कृषि विभाग की सलाह लेकर वैज्ञानिक खेती को अपनाया। उन्होंने पारंपरिक बीजों की जगह उन्नत किस्मों का उपयोग शुरू किया और खाद का संतुलित प्रयोग किया। समय पर बुवाई और बेहतर प्रबंधन से उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार हुआ, नई तकनीक अपनाने के बाद उनकी फसलों की गुणवत्ता में सुधार हुआ और लागत में कमी आई। इससे उनकी आय भी पहले की तुलना में काफी बढ़ गई है। धरमू का कहना है कि अब खेती नुकसान का नहीं बल्कि लाभ का सौदा बन गई है।
गांव के किसानों के लिए बने प्रेरणा
आज धरमू उसेंडी अपने गांव और आसपास के किसानों को भी आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका मानना है कि अगर सही संसाधन और जानकारी मिल जाए, तो खेती को एक लाभकारी व्यवसाय में बदला जा सकता है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था में बदलाव की मिसाल
धरमू की सफलता यह दिखाती है कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना सकता है। उनकी कहानी नारायणपुर जिले में आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बनकर उभरी है।


