CG News: हेमूनगर समाधान शिविर में मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान, दिव्यांगों और वृद्धजनों के लिए नई योजनाएं शुरू
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य सरकार की पहचान सुशासन, विकास और जनकल्याण है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

हेमूनगर समाधान शिविर में मुख्यमंत्री शामिल
मुख्यमंत्री आज सुशासन तिहार के तहत हेमूनगर में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 134 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त भी जारी की गई, कार्यक्रम में 80 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई, जिससे उनके चेहरों पर खुशी देखने को मिली। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपी गईं।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार
सीएम साय ने 22.65 करोड़ रुपये की लागत से 200 सीटर वृद्धाश्रम भवन और 18.76 करोड़ रुपये की लागत से 500 सीटर दिव्यांगजन शिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र का शिलान्यास किया। इन केंद्रों में आधुनिक चिकित्सा, योग, फिजियोथेरेपी और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिला चिकित्सालय में लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर गंभीर बीमारियों की जांच संभव होगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।
नक्सलवाद पर भी बड़ा बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सुरक्षा बलों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिल रही है। बस्तर क्षेत्र में अब तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, सरकार ने ई-डिस्ट्रिक्ट के तहत 400 से अधिक सेवाओं को ऑनलाइन किया है। वहीं मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है। जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी।
बिलासपुर के विकास के लिए नई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने बेलतरा महाविद्यालय का नामकरण स्वर्गीय सखाराम सूर्यवंशी के नाम पर करने की घोषणा की। इसके साथ ही पांच मंगल भवनों के निर्माण की भी घोषणा की गई, केंद्रीय मंत्री और उप मुख्यमंत्री ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसे जनता और सरकार के बीच विश्वास मजबूत करने वाला अभियान बताया। समाधान शिविरों में भारी जनभागीदारी देखने को मिली।

