CG News: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर मुख्यमंत्री साय की अपील, हर बच्चे को पिलाएं पोलियो की दो बूंद
CG News: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से माता-पिता और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं।
बच्चों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और भविष्य हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पोलियो की दो बूंद केवल दवा नहीं, बल्कि बच्चों को गंभीर बीमारी से बचाने और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है।
हर बच्चे तक पहुंचे दवा
उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान तभी सफल होगा जब प्रत्येक पात्र बच्चे तक दवा पहुंचे। इसके लिए परिवारों के साथ-साथ समाज के हर व्यक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है, मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को पोलियो जैसी बीमारी से सुरक्षित रखने में अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। समय पर पोलियो की खुराक दिलाकर वे अपने बच्चों को स्वस्थ जीवन की दिशा में मजबूत सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं।
आसपास के बच्चों का भी रखें ध्यान
उन्होंने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि वे अपने आसपास के परिवारों को भी जागरूक करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा लेने से वंचित न रहे, मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी के माध्यम से ही पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को और मजबूत बनाया जा सकता है। यह अभियान केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा का अभियान है।
जनजागरूकता से मिलेगी सफलता
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रति जागरूकता फैलाएं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाएं, मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेशवासी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और हर बच्चे तक पोलियो की दो बूंद पहुंचाकर स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान देंगे।

