CG News: छत्तीसगढ़ की पहली स्टेट बटरफ्लाई का चयन शुरू, जनता करेगी अपनी पसंद की तितली का चुनाव
CG News: छत्तीसगढ़ अब अपनी पहली राजकीय तितली चुनने की तैयारी में है. प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता को पहचान देने के लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने नागरिकों से ऑनलाइन मतदान के माध्यम से सुझाव मांगे हैं, प्रदेशवासी अपनी पसंद की तितली के लिए Google Form के जरिए 31 अगस्त 2026 तक मतदान कर सकते हैं. जनभागीदारी के आधार पर छत्तीसगढ़ को पहली राजकीय तितली मिलेगी.
वनमंत्री केदार कश्यप की पहल पर शुरू हुई प्रक्रिया
राजकीय तितली चयन की यह पहल वनमंत्री केदार कश्यप के प्रयासों से शुरू की गई है. इसका उद्देश्य प्रदेश में मौजूद जैव विविधता को बढ़ावा देना और तितलियों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है, वनमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, उन्होंने कहा कि जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है. जनभागीदारी से राजकीय तितली का चयन होने से लोगों का प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जुड़ाव बढ़ेगा.
तीन तितली प्रजातियां दौड़ में शामिल
राजकीय तितली के चयन के लिए विशेषज्ञ समिति ने वैज्ञानिक और पारिस्थितिक मानकों के आधार पर तीन तितली प्रजातियों को चुना है.
इनमें शामिल हैं,
कॉमन बैंडेड पीकॉक, Common Banded Peacock
ऑरेंज ओकलीफ, Orange Oakleaf
स्पॉट स्वोर्डटेल, Spot Swordtail
इन तीनों प्रजातियों का चयन राज्य में उनकी उपलब्धता, पारिस्थितिक महत्व, संरक्षण मूल्य, विशेष पहचान और आम लोगों के आकर्षण जैसे मापदंडों के आधार पर किया गया है.
जनता की राय से होगा फैसला
वन विभाग ने नागरिकों की राय जानने के लिए ऑनलाइन मतदान प्रक्रिया शुरू कर दी है, प्रदेश का कोई भी नागरिक अपनी पसंद की तितली के पक्ष में मतदान कर सकता है. मतदान से प्राप्त जनमत और विशेषज्ञ समिति की अनुशंसा के आधार पर राजकीय तितली के चयन का अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, इसके बाद शासन स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
विद्यार्थियों और प्रकृति प्रेमियों से अपील
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने विद्यार्थियों, प्रकृति प्रेमियों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, विभाग का कहना है कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से छत्तीसगढ़ की जैव विविधता के इस महत्वपूर्ण प्रतीक का चयन एक यादगार जनअभियान बन सकेगा.
छत्तीसगढ़ की जैव विविधता को मिलेगी नई पहचान
राजकीय तितली का चयन केवल एक प्रतीक चुनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की प्राकृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, छत्तीसगढ़ की पहली राजकीय तितली प्रदेश की जैव विविधता और प्रकृति संरक्षण का प्रतिनिधित्व करेगी.

