CG News: छत्तीसगढ़ की पहली ‘फैमिली ओपन जेल’ का शुभारंभ, कैदियों को परिवार के साथ रहने की मिलेगी छूट
CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा स्थित अंबिकापुर केंद्रीय जेल प्रदेश का ऐसा पहला कारागार बनने जा रहा है, जहाँ कैदियों को अपने परिवार के साथ रहने की अनूठी सुविधा मिलेगी, शासन द्वारा शुरू किए गए ‘ओपन जेल’ कॉन्सेप्ट के तहत परिसर में ही खुली जेल तैयार की गई है, डीजी जेल हिमांशु गुप्ता द्वारा इसका विधिवत उद्घाटन किया जा चुका है, इस पहल का मुख्य उद्देश्य कैदियों को सजा पूरी होने के बाद समाज की मुख्य धारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है.

शुरुआती चरण में दो कमरों का सेट तैयार
जेल प्रबंधन के अनुसार वर्तमान में प्रायोगिक तौर पर दो कमरों वाले सेट के साथ इस ओपन जेल की शुरुआत की जा रही है, जिसमें किचन और बाथरूम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, यदि सरगुजा में यह मॉडल सफल रहता है, तो आने वाले समय में आवश्यकतानुसार नए निर्माण कार्य कराकर ओपन जेल की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी, फिलहाल निर्माण कार्य की बची हुई प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसके बाद पात्र कैदियों का चयन किया जाएगा.
एक महीने का राशन और बाहर काम करने की आजादी
अंबिकापुर जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने बताया कि चयनित कैदी को परिवार के साथ रहने की सुविधा देने के साथ ही शुरुआती तौर पर एक महीने का राशन, गैस सिलेंडर व अन्य आवश्यक सामग्रियां उपलब्ध कराई जाएंगी, इसके बाद कैदी दिन में जेल परिसर से बाहर जाकर कोई भी रोजगार या काम-धंधा कर सकेगा, जिससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण कर सके, और शाम को उसे वापस अपनी खुली जेल में लौटना होगा.

आजीविका और पुनर्वास पर विशेष ध्यान
शासन की इस दूरगामी योजना का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि जब कोई कैदी अपनी सजा पूरी करके समाज में वापस लौटे, तो उसके पास स्थायी आजीविका का साधन मौजूद हो, इससे कैदियों में अपराध बोध कम होगा और मानसिक तनाव से राहत मिलेगी, साथ ही परिवार का साथ मिलने से उनके व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आएगा और जेल की अनुशासन व्यवस्था भी सुचारू रूप से बनी रहेगी.
कैदियों के चयन की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू
ओपन जेल में भेजे जाने वाले कैदियों के चयन के लिए जेल प्रशासन द्वारा कड़े मानदंड और नियम तय किए जा रहे हैं, जिन कैदियों का आचरण जेल में अच्छा रहा है और जो सजा की अंतिम अवधि में हैं, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी, निर्माण और अन्य कागजी औपचारिकताएं पूर्ण होते ही जल्द ही चयनित कैदियों को उनके परिवारों के साथ इस ओपन जेल में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

