CG News: छत्तीसगढ़ बनेगा ऊर्जा का बड़ा केंद्र, 3.50 लाख करोड़ के निवेश से बढ़ेगी बिजली उत्पादन क्षमता
CG News: छत्तीसगढ़ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है. प्रदेश में फिलहाल करीब 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है. अब राज्य सरकार ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश और नई परियोजनाओं के जरिए उत्पादन क्षमता को और बढ़ाने की तैयारी कर रही है. सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख ऊर्जा राज्यों में शामिल करना है.

3.50 लाख करोड़ के एमओयू से बढ़ेगी क्षमता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के दो दिवसीय संवाद कार्यक्रम के समापन समारोह में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े लक्ष्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में करीब 3.50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं. इन परियोजनाओं के जरिए आने वाले समय में लगभग 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन क्षमता विकसित होने की उम्मीद है.
95 हजार घरों पर लग चुके सोलर पैनल
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को भी ऊर्जा बदलाव का अहम माध्यम बताया. उनके अनुसार, इस योजना से आम परिवार बिजली के उपभोक्ता के साथ ऊर्जा उत्पादक भी बन सकते हैं. प्रदेश में अब तक करीब 95 हजार घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं. सरकार ने मार्च 2027 तक 5 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा है.
सौर ऊर्जा के विस्तार पर जोर
संवाद कार्यक्रम में सौर ऊर्जा से जुड़े उद्योगों, वेंडर्स, बैंकिंग संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों और अन्य हितधारकों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में सौर ऊर्जा के विस्तार से जुड़ी संभावनाओं और चुनौतियों पर चर्चा की गई. सरकार का मानना है कि अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को एक मंच पर लाने से प्रदेश में सौर ऊर्जा को नई गति मिल सकती है.
निवेश और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद
छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष मिश्रा ने प्रदेश में हरित और नवीकरणीय ऊर्जा की संभावनाओं पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि उद्योगों, वित्तीय संस्थाओं और महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी से निवेश और उद्यमिता के नए रास्ते खुल सकते हैं. सरकार की योजनाओं के साथ सौर ऊर्जा के विस्तार से आने वाले समय में रोजगार के अवसर बढ़ने की भी उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में त्योहारों की छुट्टियों से स्कूली बच्चों की बल्ले-बल्ले, 26 को ईद-ए-मिलाद और 28 को रक्षाबंधन



