CG News: छत्तीसगढ़ में 9 दिन में 2.78 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी, 70 हजार से अधिक किसानों ने बेची उपज
CG News: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है. खरीदी शुरू होने के महज 9 दिनों के भीतर, यानी 23 नवंबर तक प्रदेश में 2.78 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद की जा चुकी है. इस दौरान 70 हजार 979 से ज्यादा किसान अपनी उपज सरकारी केंद्रों पर बेच चुके हैं.

एक दिन में 63 हजार मीट्रिक टन खरीदी
धान खरीदी के आंकड़ों के मुताबिक, 23 नवंबर को अकेले एक दिन में लगभग 63 हजार 074 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई. इस सीजन के लिए प्रदेश में 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है. वहीं, किसानों को नजदीक में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ने 360 नए धान उपार्जन केंद्र भी शुरू किए हैं.

2,461 केंद्रों पर हो रही खरीदी
प्रदेश में अब कुल 2,461 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान लिया जा रहा है. ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के तहत अब तक 5 लाख से अधिक टोकन जारी किए जा चुके हैं. सरकार किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है.

15 क्विंटल बेचने पर भी मिलेगी सहायता
सरकार की व्यवस्था के अनुसार, यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान ही बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर की आदान सहायता राशि भी उसे प्रदान की जाएगी. इस व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को निर्धारित सीमा के अनुसार आर्थिक लाभ उपलब्ध कराना है.

सीएम ने दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों पर जरूरी इंतजाम बेहतर रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बारदाने की उपलब्धता, धान की तौल और किसानों से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया है. सरकार का कहना है कि खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के साथ किसानों के लिए सुविधाजनक भी रखा जाएगा.


One Response