CG News: समान नागरिक संहिता को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार सक्रिय, 5 सदस्यीय समिति करेगी अध्ययन और तैयार करेगी ड्राफ्ट
CG News: छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता, UCC लागू करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है. UCC की स्टडी, सुझाव और प्रारूप तैयार करने के लिए गठित 5 सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति की पहली बैठक आज रायपुर में आयोजित की जा रही है. समिति राज्य में UCC लागू करने की संभावनाओं, कानूनी स्थिति और जरूरी बदलावों पर मंथन करेगी.

रंजना देसाई की अध्यक्षता में होगी पहली बैठक
समान नागरिक संहिता को लेकर गठित समिति की पहली बैठक 24 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे रायपुर में मुख्य सचिव विकास शील के कक्ष में होगी, इस बैठक की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जस्टिस रंजना देसाई करेंगी. समिति में उत्तराखंड के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी शत्रुघ्न सिंह, छत्तीसगढ़ के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एमके रावत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार और सेवानिवृत्त प्राचार्य ज्योति रानी सिंह सदस्य के रूप में शामिल होंगे.
विवाह, तलाक और उत्तराधिकार जैसे मुद्दों पर होगा अध्ययन
समिति राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने को लेकर वर्तमान कानूनी व्यवस्था का अध्ययन करेगी, इसके साथ ही विवाह, तलाक, भरण पोषण, उत्तराधिकारी और दत्तक ग्रहण जैसे विषयों पर चर्चा कर UCC का प्रारूप तैयार किया जाएगा. समिति अपनी रिपोर्ट और ड्राफ्ट राज्य सरकार को सौंपेगी.
नागरिकों और विशेषज्ञों से लिए जाएंगे सुझाव
राज्य सरकार ने समिति को नागरिकों, सामाजिक संगठनों, कानून विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों से सुझाव लेने की जिम्मेदारी भी दी है, समिति उन राज्यों की व्यवस्थाओं का भी अध्ययन करेगी, जहां समान नागरिक संहिता लागू है या इसे लागू करने की दिशा में पहल की गई है, छत्तीसगढ़ सरकार समान नागरिक संहिता लागू करने से पहले सभी कानूनी और सामाजिक पहलुओं का अध्ययन कर रही है. समिति की रिपोर्ट के आधार पर राज्य में आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी.
