CG News : ‘मन की बात’ में फिर गूंजा छत्तीसगढ़, PM मोदी ने कोरबा के जल संरक्षण मॉडल की जमकर सराहना
CG News : रायपुर के फाफाडीह स्थित दया भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने युवाओं और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 136वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लगातार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, संस्कृति और नवाचारों का राष्ट्रीय मंच पर उल्लेख किया जाना प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है।

कोरबा के जल संरक्षण मॉडल की प्रधानमंत्री ने की तारीफ
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत कोरबा में वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण के लिए किए जा रहे वैज्ञानिक प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि भू-स्थानिक मैपिंग, रिचार्ज वेल और आधुनिक तकनीकों के जरिए जल संरक्षण का मॉडल तैयार किया जा रहा है। उन्होंने इसे जनभागीदारी से जोड़ते हुए हर नागरिक से जल बचाने की अपील की।
‘हर घर तिरंगा’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और युवाओं को दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए ‘हर घर तिरंगा’, ‘वोकल फॉर लोकल’, मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं के उपयोग, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और भारतीय युवाओं की विज्ञान, खेल व अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।




