CG News: छत्तीसगढ़ कैडर के IPS संतोष सिंह बने दिल्ली मेट्रो CISF के DIG, सुरक्षा प्रबंधन की संभालेंगे कमान
CG News: केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उन्हें दिल्ली मेट्रो (DMRC) में सीआईएसएफ (CISF) के डीआईजी के रूप में पदस्थ कर पूरी दिल्ली मेट्रो प्रणाली और यात्रियों की सुरक्षा की कमान सौंपी गई है, उनकी प्रशासनिक दक्षता और सुरक्षा प्रबंधन के लंबे अनुभव को देखते हुए यह महत्वपूर्ण प्रभार दिया गया है.

मेट्रो में सुरक्षा का बड़ा जिम्मा
उल्लेखनीय है कि दिल्ली मेट्रो देश के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में दिल्ली को उत्तर प्रदेश और हरियाणा के पड़ोसी शहरों से जोड़ने वाली सबसे बड़ी त्वरित परिवहन प्रणाली है, 271 स्टेशनों वाले इस विशाल नेटवर्क में हाल ही में 17 सितंबर को एक ही दिन में रिकॉर्ड 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई थी, इतने बड़े नेटवर्क और दैनिक लाखों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती माना जाता है.
11 जिलों में सेवाएं दे चुके हैं संतोष सिंह
अपनी परिपक्व, संवेदनशील और अभिनव सामुदायिक पुलिसिंग के लिए पहचाने जाने वाले आईपीएस संतोष सिंह छत्तीसगढ़ के कुल 9 जिलों में एसपी और एसएसपी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं, इनमें रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव शामिल हैं, इसके अलावा वे सुकमा में एएसपी और दुर्ग में सीएसपी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
हैदराबाद में डीआईजी साउथ ज़ोन-2 के पद पर थे तैनात
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान संतोष सिंह हाल ही में हैदराबाद में सीआईएसएफ के डीआईजी (साउथ ज़ोन-2) के पद पर तैनात थे, वहां वे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के अति-महत्वपूर्ण औद्योगिक व रणनीतिक प्रतिष्ठानों के साथ-साथ देश के पूर्वी तटीय बंदरगाहों की सुरक्षा व्यवस्था का कुशल संचालन देख रहे थे.
कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं
आईपीएस संतोष सिंह की छवि एक निष्पक्ष और परिणाम-उन्मुख अधिकारी की रही है, छत्तीसगढ़ में पदस्थापना के दौरान उन्होंने नशे के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान और सामुदायिक पुलिसिंग के कई सफल मॉडल लागू किए थे, अब दिल्ली मेट्रो जैसी संवेदनशील और व्यस्त राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.

One Response