CG News: छत्तीसगढ़ में छठ महापर्व का समापन, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने खोला 36 घंटे का निर्जला व्रत
CG News: छत्तीसगढ़ में चार दिवसीय छठ महापर्व का सोमवार सुबह समापन हो गया. सुबह की पहली किरण के साथ ही प्रदेश के नदी और तालाबों के घाट छठी मैया के जयकारों से गूंज उठे. बड़ी संख्या में व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. इसी के साथ करीब 36 घंटे तक चलने वाला निर्जला उपवास पूरा हुआ. अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं.
![]()
रायगढ़ में सबसे पहले हुआ सूर्योदय
प्रदेश में सबसे पहले रायगढ़ में सुबह 6 बजकर 2 मिनट पर सूर्योदय हुआ. यहां केलो नदी के तट पर सुबह होने से पहले ही हजारों श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंच चुके थे. सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही घाट पर छठी मैया के जयकारे गूंजने लगे. व्रती महिलाओं ने बांस की टोकरी में ठेकुआ, फल और गन्ना सहित पारंपरिक पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया. पूरे घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला.
बिलासपुर के अरपा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
बिलासपुर के अरपा घाट पर छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया. यहां देर रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था. सुबह होते-होते घाट पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए. व्रती महिलाओं ने नदी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की. वहीं, अंबिकापुर के शंकर घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे.
रायपुर के महादेव घाट पर रातभर रही रौनक
राजधानी रायपुर के महादेव घाट पर छठ महापर्व के अंतिम दिन खास रौनक देखने को मिली. यहां रातभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. घाट पर छठ के पारंपरिक गीतों के साथ आतिशबाजी भी हुई. सुबह सूर्यदेव के दर्शन होते ही व्रतियों ने अर्घ्य दिया. इसके बाद हवन और छठी मैया की पूजा-अर्चना की गई. भिलाई के छावनी घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न हुई.
36 घंटे के कठिन उपवास के बाद खोला व्रत
छठ पर्व के अंतिम दिन अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने अपना निर्जला उपवास समाप्त किया. करीब 36 घंटे तक बिना अन्न और जल के रहने के बाद व्रत पूरा होने पर कई महिलाओं की आंखें नम हो गईं. यह कठिन व्रत संतान की लंबी आयु, परिवार की खुशहाली और प्रियजनों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए रखा जाता है. पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को प्रसाद बांटा और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं.

घाटों पर सुरक्षा के लिए प्रशासन रहा मुस्तैद
छठ पूजा के दौरान प्रदेश के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात रहीं. सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों की ओर से निगरानी की गई. पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए घाटों पर आवश्यक इंतजाम किए गए थे.
मुख्यमंत्री साय ने दी छठ की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी छठ महापर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि छठ श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का ऐसा पर्व है, जिसका छत्तीसगढ़ की संस्कृति में भी विशेष स्थान है. इस अवसर पर माताएं और बहनें कठिन व्रत रखकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हैं. मुख्यमंत्री ने छठी मैया और सूर्यदेव से सभी परिवारों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की.
