CG News: CG हाईकोर्ट को मिलेगा नया चीफ जस्टिस, संजय अग्रवाल राजस्थान जाएंगे
CG News: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा के 4 सितंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद न्यायालय को नया नेतृत्व मिलने की संभावना है. सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की है. इसके साथ ही उनका तबादला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट किए जाने की सिफारिश भी की गई है.

संजय अग्रवाल को राजस्थान की जिम्मेदारी
कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की है. इसके अलावा गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोग्जे को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की गई है. इन बदलावों से कई हाईकोर्ट की न्यायिक व्यवस्था प्रभावित होगी.
तीन नए जजों की नियुक्ति की सिफारिश
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में तीन नए जजों की नियुक्ति की अनुशंसा भी की गई है. इनमें न्यायिक अधिकारी संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार के नाम शामिल हैं. कॉलेजियम की सिफारिशों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ सकती है और न्यायिक कार्यों का वितरण भी नए सिरे से हो सकता है.
कौन हैं जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था. उनके पिता सरत चंद्र मोहपात्रा भी न्यायिक सेवा से जुड़े रहे हैं. उन्होंने बीए और एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया. उन्होंने सिविल, आपराधिक, संवैधानिक और सेवा मामलों समेत कई कानूनी क्षेत्रों में काम किया है.
हाईकोर्ट में जजों की संख्या पर असर
जस्टिस मोहपात्रा को विभिन्न कानूनों और सरकारी मामलों का अनुभव है, वहीं वे ओडिशा सरकार और ओडिशा लोक सेवा आयोग के लिए अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में भी काम कर चुके हैं. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के कुछ न्यायाधीशों के सेवानिवृत्त होने और जस्टिस संजय के. अग्रवाल के राजस्थान जाने के बाद न्यायालय में जजों की संख्या प्रभावित होगी. तीन नए जजों की नियुक्ति होने पर इस कमी को दूर करने में मदद मिल सकती है.



