CG News: चिंतन शिविर में पर्यटन पर मंथन, छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी
CG News: छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास को नई दिशा देने के लिए चिंतन शिविर 3.0 में बड़ा मंथन हुआ. भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और महानिदेशक सुमन बिल्ला ने रायपुर पहुंचकर राज्य के पर्यटन विकास, स्थानीय रोजगार और जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की.
रायपुर पहुंचने पर हुआ स्वागत
रायपुर एयरपोर्ट पर पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक सुमन बिल्ला का छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने आईआईएम रायपुर में आयोजित मंत्रिमंडल चिंतन शिविर में पर्यटन विषय पर विशेष सत्र को संबोधित किया.
![]()
पर्यटन विकास की रणनीति पर चर्चा
बैठक में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की रणनीति पर चर्चा हुई. साथ ही पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया.
इन क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस
चर्चा के दौरान इको टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन, पुरातात्विक पर्यटन, वन्यजीव पर्यटन, जनजातीय पर्यटन और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने पर सहमति बनी. साथ ही स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाकर सतत पर्यटन मॉडल तैयार करने पर भी विचार किया गया.
होम-स्टे और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा
बैठक में पर्यटन अधोसंरचना मजबूत करने, पर्यटक सुविधाओं का विस्तार, डिजिटल प्रचार, होम-स्टे को बढ़ावा, स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को पर्यटन से जोड़ने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई.
स्थानीय रोजगार और निवेश पर जोर
विशेष व्याख्यान में पर्यटन को आजीविका, सांस्कृतिक संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा से जोड़ने पर जोर दिया गया. साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय के जरिए निवेश बढ़ाने, पर्यटन स्थलों के विकास और छत्तीसगढ़ को वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति बनी.

