CG News: जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव में भाजपा की तिरंगा यात्रा, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
CG News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जशपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्रों के सभी मंडलों में निकली इस यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनप्रतिनिधि, युवा, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए.
पत्थलगांव में गोमती साय ने किया नेतृत्व
पत्थलगांव में तिरंगा यात्रा की अगुवाई विधायक और सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की गरिमा और सम्मान का प्रतीक है. स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि तिरंगे से करोड़ों देशवासियों की भावनाएं जुड़ी हैं. उन्होंने युवाओं को देश के स्वतंत्रता संघर्ष और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने को यात्रा का प्रमुख उद्देश्य बताया.
जशपुर में रायमुनी भगत रहीं आगे
जशपुर नगर में विधायक रायमुनी भगत के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई. उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है. विधायक ने युवाओं और विद्यार्थियों से स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास को समझने की अपील की. उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में नई पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण है और सभी को राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.
राष्ट्र प्रथम का संदेश
पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के पीछे अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और संघर्ष रहा है. उनके अनुसार राष्ट्र प्रथम की सोच केवल किसी कार्यक्रम या अभियान तक सीमित नहीं होनी चाहिए. इसे नागरिकों के व्यवहार और रोजमर्रा के जीवन में भी दिखाई देना चाहिए. उन्होंने लोगों से संविधान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की.
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैजान सरवर खान के अनुसार, जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रमों में बलरामपुर जिला प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. स्थानीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं की भागीदारी ने भी आयोजन को खास बनाया और पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल नजर आया.
