CG News: भिलाई स्टील प्लांट लोहा चोरी कांड में बड़ा मोड़, छत्तीसगढ़ सरकार की सहमति के बाद CBI ने संभाली जांच
CG News: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करोड़ों रुपये के लोहा चोरी के बहुचर्चित और हाई-प्रोफाइल मामले में एक बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है, राज्य सरकार की अनुसंशा पर इस संगठित चोरी कांड की जांच अब देश की प्रीमियर जांच एजेंसी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी, छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विधिवत सहमति प्रदान किए जाने के बाद गृह विभाग ने राजपत्र में इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है, इस बीच खबर मिली है कि जांच शुरू करने के लिए CBI की 5 सदस्यीय विशेष टीम देर रात दुर्ग जिले में पहुंच चुकी है.
![]()
भाजपा विधायक ने विधानसभा में उठाया था मुद्दा
यह पूरा मामला दुर्ग जिले के भिलाई नगर अंतर्गत पुरानी भिलाई थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 277/2026 से संबंधित है, इस विशालकाय स्क्रैप व लोहा चोरी की गूंज हाल ही में छत्तीसगढ़ विधानसभा में भी सुनाई दी थी, जहां वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने इस मामले को पुरजोर तरीके से उठाते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी, विधायक द्वारा उजागर किए गए तथ्यों के बाद राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण को CBI को सौंपने का त्वरित निर्णय लिया.

गृह विभाग ने जारी की आधिकारिक अधिसूचना
छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग (मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर) द्वारा 25 सितंबर 2026 को जारी असाधारण राजपत्र क्रमांक 558 के तहत CBI जांच का कानूनी रास्ता साफ किया गया, दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम 1946 की धारा 6 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य सरकार ने CBI को पुरानी भिलाई थाने में दर्ज इस केस का अनुसंधान पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में करने का पूर्ण अधिकार प्रदान किया है, राज्यपाल के नाम से उप-सचिव आर. पी. चौहान द्वारा इस आशय का आदेश जारी किया गया है.
गंभीर धाराएं दर्ज
स्थानीय थाने में दर्ज यह प्राथमिक रिपोर्ट भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अत्यंत संगीन धाराओं 303(2), 317(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 111, 112, 61(2)(क) और 3(5) के तहत पंजीकृत है, इन धाराओं में संगठित अपराध (Organized Crime), धोखाधड़ी, जाली दस्तावेज तैयार करने (फर्जीवाड़ा) और संगठित आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं, माना जा रहा है कि इस नेटवर्क में कई बड़े कबाड़ियों, अधिकारियों और बिचौलियों की संलिप्तता हो सकती है.
दिल्ली से आई टीम खंगालेगी पूरा नेटवर्क
दिल्ली से दुर्ग पहुंची CBI की 5 सदस्यीय टीम ने स्थानीय पुलिस से केस डायरी और संबंधित दस्तावेज हस्तगत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, CBI की एंट्री से भिलाई के कबाड़ माफियाओं और इसमें शामिल सफेदपोशों में हड़कंप मच गया है, केंद्रीय एजेंसी अब भिलाई स्टील प्लांट से निकलने वाले स्क्रैप के ट्रांसपोर्टेशन, फर्जी पासिंग दस्तावेजों और इसमें शामिल सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क की तह तक जाएगी, जिससे आने वाले दिनों में कई बड़े नामों का खुलासा होने और गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना है.


One Response