CG News: भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, कर्मवीर सिंह बने छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश संगठन महामंत्री
CG News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय नेतृत्व ने सांगठनिक ढांचे को मजबूती प्रदान करने के लिए बड़े पैमाने पर नियुक्तियां और बदलाव किए हैं. इसी क्रम में छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री की अहम जिम्मेदारी कर्मवीर सिंह को सौंपी गई है. इसके साथ ही, राष्ट्रीय स्तर पर शिव प्रकाश को राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है.

पवन साय को झारखंड की कमान
छत्तीसगढ़ में लंबे समय से संगठन महामंत्री के रूप में प्रभावी भूमिका निभा रहे पवन साय को अब झारखंड भाजपा का प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है. वहीं, पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल को महाराष्ट्र जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में संगठन महामंत्री का जिम्मा दिया गया है. इन तीनों वरिष्ठ नेताओं की नई नियुक्तियों को पार्टी के राष्ट्रीय सांगठनिक फेरबदल के मुख्य हिस्से के रूप में देखा जा रहा है.
भाजपा संगठन के कामकाज को मिलेगी नई दिशा
कर्मवीर सिंह के कार्यभार संभालने के बाद प्रदेश भाजपा की कार्यप्रणाली और रणनीतियों में नया कसावट देखने को मिलेगा. सत्ता और संगठन के बीच तालमेल बिठाने, पार्टी विस्तार के भावी अभियानों और आगामी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उनकी भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है.
संघ पृष्ठभूमि और कुशल संगठनात्मक रणनीतिकार हैं कर्मवीर
छत्तीसगढ़ के नए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह का सांगठनिक अनुभव काफी समृद्ध रहा है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्णकालिक प्रचारक रहे कर्मवीर सिंह उत्तर प्रदेश में सह-संगठन मंत्री रह चुके हैं. इसके बाद अगस्त 2022 से वे झारखंड भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में कार्यरत थे. संघ और पार्टी के बीच समन्वय स्थापित करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने में उनकी खास पहचान रही है.
