CG News: बस्तर के किसानों को बड़ी सौगात, 7 जिलों में खुलेंगे 29 नए धान उपार्जन केंद्र
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग के किसानों के लिए बड़ा फैसला लिया है. सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की पहल पर खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 और आगामी वर्षों के लिए संभाग में 29 नए धान उपार्जन केंद्र खोलने की अनुमति दी गई है. इन केंद्रों के शुरू होने से दूरदराज के इलाकों में रहने वाले किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी.

दूरस्थ किसानों का समय और खर्च बचेगा
नए उपार्जन केंद्रों की स्थापना से वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अपने नजदीकी क्षेत्र में समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा मिलेगी. इससे परिवहन में लगने वाला समय, श्रम और खर्च कम होगा. साथ ही मौजूदा धान खरीदी केंद्रों पर किसानों की भीड़ और दबाव घटेगा, जिससे पूरी खरीदी व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुगम होने की उम्मीद है.
7 जिलों में खोले जाएंगे नए धान केंद्र
बस्तर संभाग के कुल सात जिलों में 29 नए केंद्र स्थापित किए जाएंगे. इनमें बस्तर जिले में 11, कांकेर में 6, कोंडागांव में 6, बीजापुर में 1, सुकमा में 2, दंतेवाड़ा में 1 और नारायणपुर में 2 केंद्र शामिल हैं. सरकार के मुताबिक, इन केंद्रों का उद्देश्य विशेष रूप से उन किसानों को सुविधा देना है, जिन्हें मौजूदा खरीदी केंद्रों तक पहुंचने में अधिक दूरी तय करनी पड़ती है.
बस्तर, कांकेर और कोंडागांव में सबसे ज्यादा केंद्र
बस्तर जिले में बाकेल, चिउरगांव, काकरवाड़ा, धुरागांव, बागमोहलई, सतोषा, कुड़कानार, नंदपुरा और सौतपुर समेत 11 स्थानों पर नए केंद्र खुलेंगे. कांकेर जिले में आतुरगांव, कढ़ईखोदरा, करैगांव, कारेगांव, नवागांव और लक्ष्मीपुर पी.वी.-73 में छह केंद्र बनाए जाएंगे. वहीं कोंडागांव जिले के इंगरा, भाटगांव, चलका, चिंगनार, सालेभाट और बड़गांव में भी नए उपार्जन केंद्र स्थापित किए जाएंगे.
सुविधाओं के साथ समय पर तैयार होंगे केंद्र
बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और नारायणपुर में भी नए केंद्रों के लिए स्थान तय किए गए हैं. यहां बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए फिंगरप्रिंट और आईरिस उपकरण, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और नमी मापक यंत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अलावा बिजली, इंटरनेट, पेयजल, प्रकाश, पहुंच मार्ग, धान भंडारण के लिए पर्याप्त जगह और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों को खरीदी शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया है.
यह भी पढ़ें : CG News: CGPSC भर्ती घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, 16 से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया

