CG News: छत्तीसगढ़ में खनिज माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 2 महीनों में 1747 प्रकरण दर्ज
CG News: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद खनिज माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्यभर में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

दो महीने में हजारों मामलों का खुलासा
अप्रैल और मई 2026 के दौरान कुल 1,747 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें अवैध परिवहन, उत्खनन और भंडारण से जुड़े मामले शामिल हैं। इस कार्रवाई के दौरान 6 करोड़ 49 लाख रुपये से अधिक की दंडात्मक राशि वसूली गई, आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 1,487 मामले अवैध परिवहन के सामने आए। इसके अलावा 231 प्रकरण अवैध उत्खनन और 29 मामले अवैध भंडारण से जुड़े पाए गए।
जिलों में अलग-अलग स्थिति
अवैध उत्खनन के मामलों में बलौदाबाजार-भाटापारा जिला सबसे आगे रहा। वहीं अवैध परिवहन के मामलों में रायपुर, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जैसे जिले प्रमुख रूप से सामने आए हैं। अवैध भंडारण के मामले भी कई जिलों में दर्ज किए गए, कार्रवाई के दौरान अलग-अलग जिलों में करोड़ों रुपये की दंडात्मक राशि वसूली गई। कुछ जिलों में अवैध उत्खनन और परिवहन पर सबसे अधिक जुर्माना लगाया गया, जिसमें रायपुर जिला वसूली के मामले में सबसे आगे रहा।
नियमों को किया गया और सख्त
सरकार ने गौण खनिज नियमों में संशोधन करते हुए जुर्माने की राशि और दंडात्मक प्रावधानों को और कड़ा कर दिया है। अब किसी भी प्रकार के अवैध खनन पर न्यूनतम जुर्माना और खनिज मूल्य दोनों वसूले जाएंगे, नए नियमों के अनुसार अवैध खनन में पकड़े गए वाहनों और मशीनों की रिहाई से पहले सुरक्षा राशि जमा करनी अनिवार्य होगी, जो वाहन के प्रकार के अनुसार तय की गई है।
सरकार का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्य के खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, राज्यभर में प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। सरकार का दावा है कि आने वाले समय में इस तरह की गतिविधियों पर और अधिक नियंत्रण होगा।
