CG News: मुंगेली में BEML का हेवी इक्विपमेंट प्लांट, सरकार ने 79.70 एकड़ जमीन आवंटित करने को दी मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राज्य मंत्रिपरिषद ने मुंगेली जिले की पथरिया तहसील के ग्राम चंद्रगढ़ी में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड, BEML के प्रस्तावित हेवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र के लिए 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह परियोजना मुंगेली के साथ पूरे बिलासपुर संभाग और छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

छत्तीसगढ़ में पहला ऐसा संयंत्र
BEML का प्रस्तावित संयंत्र छत्तीसगढ़ में अपनी तरह का पहला हेवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र होगा. सरकार के इस फैसले से मुंगेली को प्रदेश के औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है. ग्राम चंद्रगढ़ी में प्रस्तावित यह संयंत्र बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. यह स्थान भारी मशीनरी के परिवहन और लॉजिस्टिक्स के लिहाज से परियोजना के लिए अनुकूल माना जा रहा है. संयंत्र से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है.
युवाओं और MSME को मिलेगा फायदा
BEML जैसी प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी की परियोजना आने से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है. इसके साथ तकनीकी प्रशिक्षण और आधुनिक विनिर्माण क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ सकती है. वहीं BEML की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े MSME, स्पेयर पार्ट्स निर्माण, ट्रांसपोर्टेशन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवाओं में स्थानीय कारोबारियों और उद्यमियों के लिए नए अवसर बन सकते हैं. इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
मुंगेली में जमीन हुई चिन्हांकित
BEML संयंत्र के लिए शुरुआत में रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान मुंगेली जिला प्रशासन ने परियोजना के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश तेज की. कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम चंद्रगढ़ी में 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि चिन्हांकित कर प्रस्ताव शासन को भेजा. अब मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है.
औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
BEML संयंत्र की स्थापना से मुंगेली और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. सड़क, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं. यह परियोजना स्थानीय युवाओं, उद्यमियों और कारोबारियों के लिए नए अवसर पैदा करने के साथ औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित कर सकती है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला मुंगेली को आधुनिक विनिर्माण और भारी उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में भारतनेट के लिए 3942 करोड़ मंजूर, 11682 ग्राम पंचायतों को मिलेगा फायदा




