CG News: कांकेर में आज से बस्तर ओलंपिक का आगाज, 15 जिलों के खिलाड़ियों के बीच 11 खेलों में मुकाबला
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण का आयोजन किया जा रहा है. आज यानी 23 नवंबर से कांकेर जिले में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता शुरू हो रही है. खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. इस बार छह लाख से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पंजीयन कराया है.

दो दिनों तक 11 खेलों में दिखेगा दमखम
23 और 24 नवंबर को आयोजित होने वाले बस्तर ओलंपिक में खिलाड़ियों को 11 अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. पहले दिन यानी 23 नवंबर को जूनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जबकि 24 नवंबर को सीनियर वर्ग के खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे. इसमें कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और तीरंदाजी सहित कुल 11 खेल शामिल हैं.
तीन अलग-अलग मैदानों पर होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता के लिए कांकेर में अलग-अलग खेल स्थलों पर व्यवस्था की गई है. खिलाड़ियों के मुकाबले नरहरदेव स्कूल मैदान, मिनी स्टेडियम और कन्या क्रीड़ा परिसर में आयोजित किए जा रहे हैं. इन मैदानों पर जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, इस बार बस्तर ओलंपिक में पंजीयन का एक खास आंकड़ा सामने आया है. कुल 6 लाख 492 पंजीकृत खिलाड़ियों में महिलाओं की संख्या पुरुषों से काफी अधिक है. आंकड़ों के मुताबिक, 3 लाख 83 हजार 94 महिलाओं और 2 लाख 18 हजार 398 पुरुषों ने प्रतियोगिता के लिए पंजीयन कराया है. इससे साफ है कि बस्तर की बेटियां और महिलाएं भी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं.

लगातार तीसरे साल हो रहा बस्तर ओलंपिक का आयोजन
बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण को लेकर राज्य के उपमुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने भी खिलाड़ियों और बस्तरवासियों के उत्साह की सराहना की है. उन्होंने कहा कि पिछले दो आयोजनों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है. सरकार का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से शासन और आम लोगों के बीच सीधा जुड़ाव मजबूत करना, क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना और उनकी खेल प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है.
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास
लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रहा बस्तर ओलंपिक स्थानीय खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच बन रहा है. इस प्रतियोगिता के जरिए ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. अब दो दिनों तक चलने वाले इन मुकाबलों में खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने को मिलेगा, वहीं प्रतियोगिता के जरिए बस्तर की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलने की उम्मीद है.


One Response