CG News: बस्तर फाइटर्स में होगी 5800 पदों पर भर्ती, स्थानीय युवाओं को मिलेगी सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी जिम्मेदारी
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है. सरकार ने बस्तर फाइटर्स के 5,800 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है. इस भर्ती का उद्देश्य माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है.
पहले चरण में 1500 पदों पर होगी भर्ती
सरकार की योजना के मुताबिक बस्तर फाइटर्स में पहले चरण में 1,500 पदों पर भर्ती की जाएगी. इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. आने वाले समय में इस बल को और मजबूत किया जाएगा ताकि बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके, बस्तर फाइटर्स भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी. सरकार का मानना है कि क्षेत्र की भाषा, संस्कृति और भौगोलिक परिस्थितियों को समझने वाले युवा सुरक्षा अभियानों में ज्यादा प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं.
रोजगार के साथ शांति स्थापना का अवसर
वन मंत्री केदार कश्यप ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार जताया. उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं में क्षमता और साहस की कोई कमी नहीं है. उन्हें अपने क्षेत्र की सुरक्षा में भागीदारी का अवसर देना सरकार का महत्वपूर्ण कदम है, बस्तर फाइटर्स के जवान कानून व्यवस्था बनाए रखने, नक्सल विरोधी अभियानों में सहयोग करने और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा मजबूत करने का काम करेंगे. सरकार का उद्देश्य है कि स्थानीय युवाओं की भागीदारी से बस्तर में स्थायी शांति का माहौल बनाया जा सके.
केंद्रीय बलों पर निर्भरता कम करने की योजना
सरकार की योजना के अनुसार आने वाले समय में बस्तर में तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की संख्या को चरणबद्ध तरीके से कम किया जा सकता है. इसके स्थान पर स्थानीय युवाओं से तैयार बस्तर फाइटर्स को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी जाएगी, बस्तर फाइटर्स भर्ती को केवल नौकरी का अवसर नहीं बल्कि क्षेत्र के विकास और शांति स्थापना से जोड़कर देखा जा रहा है. सरकार का कहना है कि यह पहल युवाओं को सशक्त बनाने के साथ बस्तर को सुरक्षित और विकसित बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी.


