CG News: बनोरा अघोर गुरु पीठ पहुंचे CM साय, पूजा-अर्चना के बाद बच्चों की विज्ञान प्रदर्शनी देखी
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे. अघोरेश्वर भगवान राम जी के अवतरण दिवस के अवसर पर उन्होंने उपासना स्थल पर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. मुख्यमंत्री ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन लिया. इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से मुलाकात की तथा आश्रम की परंपरा के अनुसार पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया.

नए विद्या मंदिर भवन का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री साय ने अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया. उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करने के साथ बच्चों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी भी देखी. विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल और नवाचार प्रस्तुत किए, जिन्हें मुख्यमंत्री ने सराहा और बच्चों का उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, संवेदनशीलता, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है.

8 एकड़ में बना आधुनिक स्कूल, 41 कक्षाएं और 9 लैब
अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट द्वारा तैयार नया विद्यालय परिसर करीब 8 एकड़ में विकसित किया गया है. लगभग एक लाख वर्गफीट में बने जी प्लस-2 भवन में 41 कक्षाएं और 9 आधुनिक प्रयोगशालाएं हैं. इसके अलावा पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास और नर्सरी के बच्चों के लिए खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. विद्यालय के संचालन के लिए 32 शिक्षक और 14 कार्यालयीन कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है.

सेवा, चिकित्सा और सामाजिक समरसता की परंपरा का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि अघोरेश्वर भगवान राम का जीवन मानव सेवा, करुणा और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है. बनोरा आश्रम इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ा रहा है. उन्होंने आश्रम की ओर से स्वास्थ्य और नेत्र शिविर, जरूरतमंदों की सहायता और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने जैसे कार्यों का उल्लेख किया. वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने भी बनोरा आश्रम को आध्यात्मिक साधना के साथ शिक्षा, चिकित्सा और समाज सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बताया.
मुख्यमंत्री ने साझा किया परिवार का पुराना जुड़ाव
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में अघोरेश्वर भगवान राम और बनोरा आश्रम से अपने परिवार के पुराने जुड़ाव का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय केदारनाथ साय, अघोरेश्वर भगवान राम जी के शिष्य थे और इसी कारण बचपन से परिवार में उनके प्रति श्रद्धा का वातावरण रहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि बनोरा आकर उन्हें हमेशा आत्मीयता और आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है. उन्होंने आश्रम की सेवा गतिविधियों से जुड़े संतों, ट्रस्ट पदाधिकारियों, शिक्षकों और अन्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया.

One Response