CG News: छत्तीसगढ़ में ₹8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, CM साय बोले- विकास और निवेश की अपार संभावनाएं
CG News: नवा रायपुर में आयोजित ‘विकसित छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव 2026’ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ 2047 की दिशा में काम कर रही है. इसके लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है और विभिन्न क्षेत्रों में तय लक्ष्यों को मिशन मोड में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पास खनिज संपदा, ऊर्जा संसाधनों के साथ बड़ी संख्या में कुशल मानव संसाधन मौजूद हैं, जिससे राज्य में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं.

स्टील और बिजली उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख स्टील उत्पादक राज्यों में शामिल है और वर्तमान में देश के करीब 20 प्रतिशत स्टील उत्पादन में राज्य की हिस्सेदारी है. सरकार ने वर्ष 2030 तक प्रदेश में स्टील उत्पादन को 45 मिलियन टन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ देश के करीब 20 प्रतिशत कोयला उत्पादन में योगदान देता है और फिलहाल लगभग 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है. ऊर्जा क्षेत्र में आयोजित समिट के दौरान करीब 3.5 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जबकि आने वाले वर्षों में 60 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है.

नई उद्योग नीति से मिले ₹8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
CM साय ने कहा कि प्रदेश का कोर सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें नई औद्योगिक नीति की महत्वपूर्ण भूमिका है. सरकार की ओर से पूंजी निवेश, ब्याज, तकनीक खरीद और स्टांप ड्यूटी सहित कई क्षेत्रों में प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं. पावर, आईटी, स्टील, टेक्सटाइल, फार्मा और फूड प्रोसेसिंग जैसे सेक्टर को विशेष रूप से बढ़ावा देने की बात कही गई है. मुख्यमंत्री के मुताबिक नई औद्योगिक नीति के तहत अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव राज्य को प्राप्त हो चुके हैं. उन्होंने छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेल नेटवर्क को भी लॉजिस्टिक्स के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया.
बस्तर में पर्यटन और रोजगार की नई संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद से जुड़ी खबरों के कारण अपनी वास्तविक पहचान से दूर रहा, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं. सरकार बस्तर को प्राकृतिक सौंदर्य, जनजातीय संस्कृति और जैव विविधता के लिए नई पर्यटन पहचान दिलाने पर जोर दे रही है. उन्होंने कहा कि बस्तर में पर्यटन बढ़ने से होटल, होम-स्टे, परिवहन, स्थानीय खान-पान, हस्तशिल्प और गाइड सेवाओं में रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं. इसका लाभ खासतौर पर स्थानीय युवाओं और महिलाओं को मिलने की संभावना है. मुख्यमंत्री ने मीडिया से बस्तर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपील भी की.
विकास के साथ निवेश और कनेक्टिविटी पर जोर
CM साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ मध्य भारत में अपनी भौगोलिक स्थिति और बेहतर होती सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी के कारण निवेश और लॉजिस्टिक्स के लिए महत्वपूर्ण राज्य बन रहा है. राज्य सरकार ने लॉजिस्टिक्स नीति भी तैयार की है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए गरीबों के आवास, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य औद्योगिक विकास के साथ पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को आगे बढ़ाना है.

One Response