CG News: अगस्त की बारिश ने बदली जलाशयों की तस्वीर, कई बांध 100% भरे, अरपा और केलो अब भी पीछे
CG News: छत्तीसगढ़ में अगस्त में लगातार हुई बारिश से प्रदेश के बांधों और जलाशयों की स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है. कई बड़े, मध्यम और छोटे जलाशय अपनी क्षमता के करीब पहुंच गए हैं, जबकि कुछ में 100% जलभराव हो चुका है. 30 अगस्त तक प्रदेश के बांधों में औसत जल भंडारण 88% से अधिक दर्ज किया गया, जो 30 जुलाई के करीब 79% के मुकाबले लगभग 9% ज्यादा है.

अरपा भैंसाझार और केलो अभी आधे से कम
अच्छी बारिश का असर प्रदेश के लगभग सभी संभागों में दिखाई दे रहा है, लेकिन दो बड़े बांध अभी भी 50% से नीचे हैं. बिलासपुर जिले के अरपा भैंसाझार में 37.42% और रायगढ़ जिले के केलो बांध में 37.03% पानी दर्ज किया गया है. हालांकि अगस्त के दौरान अरपा भैंसाझार के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है, जबकि केलो बांध में मामूली कमी दर्ज की गई.
पिछले दो साल के मुकाबले बेहतर स्थिति
30 अगस्त के आंकड़ों की तुलना करें तो इस वर्ष प्रदेश के बांधों में औसत जल भंडारण पिछले दो वर्षों से बेहतर है. 2024 में अगस्त के अंत में औसत जल भंडारण करीब 85% और 2025 में लगभग 84% था. इस बार यह आंकड़ा 88% से ऊपर पहुंच गया है. इससे आगामी महीनों में पेयजल, सिंचाई और अन्य जरूरतों के लिए पानी की उपलब्धता बेहतर रहने की उम्मीद बढ़ी है.
कई जलाशय हुए पूरी तरह लबालब
बिलासपुर का खारंग जलाशय और महासमुंद का कोडार बांध 100% भर चुके हैं. धमतरी के रविशंकर जलाशय में भी जलभराव 90% से ज्यादा पहुंच गया है और बढ़ते जलस्तर के कारण पानी छोड़ा गया है. गंगरेल जलाशय में एक महीने के दौरान करीब 23% की बढ़ोतरी हुई, जबकि मुरुमसिल्ली 98.82% और मिनीमाता बांगो 90.78% तक पहुंच गया है.
छोटे जलाशयों में भी तेजी से बढ़ा पानी
मध्यम और लघु जलाशयों में भी बारिश के बाद जलस्तर में अच्छी वृद्धि हुई है. राजनांदगांव के मोंगरा बैराज में जुलाई के दौरान बेहद कम जलस्तर के बाद अब करीब 76% पानी पहुंच गया है. ज्यादातर मध्यम और छोटे जलाशयों में 70 से 99% तक जलभराव दर्ज किया गया है. हालांकि कांकेर का मायना जलाशय और रायगढ़ का किंकारीनाला अभी 50% से नीचे हैं. जल संसाधन विभाग के अनुसार, बेहतर बारिश से मौजूदा जल स्थिति मजबूत हुई है और अगले साल के लिए भी पर्याप्त जल भंडारण की उम्मीद बढ़ी है.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर आज रात से बदलेगी यातायात व्यवस्था, गेट नंबर-2 बंद होने के बाद ये होगा नया रूट




