CG News: छत्तीसगढ़ में सरकार बनने के बाद 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण, मुख्यमंत्री साय ने हितग्राहियों को सौंपी चाबियां
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. सरकार गठन के बाद प्रदेश में 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे हो चुके हैं. रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि का जश्न मनाते हुए 11 हितग्राहियों को उनके नए घरों की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी. इस दौरान उन्होंने ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित कॉम्पेंडियम का भी विमोचन किया.
पहली कैबिनेट में लिया गया था बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के तुरंत बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राशि जारी करने का निर्णय लिया गया था. लगातार प्रयासों के चलते पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जिससे लाखों परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हुआ है.
एक साल में सबसे ज्यादा आवास पूरे
सरकार के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष में करीब 6 लाख प्रधानमंत्री आवास पूरे किए गए, जो एक वर्ष में देश में सर्वाधिक आवास निर्माण का रिकॉर्ड है. वहीं चालू वित्तीय वर्ष के पहले 100 दिनों, यानी 1 अप्रैल से 9 जुलाई तक, 1 लाख 51 हजार आवास पूरे किए गए हैं. इसका मतलब है कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1,500 से अधिक आवास तैयार हो रहे हैं.
‘मोर गांव–मोर पानी’ अभियान को मिली नई पहचान
कार्यक्रम में ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित कॉम्पेंडियम का विमोचन भी किया गया. यह अभियान 24 अप्रैल 2025 को पंचायती राज दिवस के अवसर पर शुरू किया गया था. जनभागीदारी आधारित इस अभियान के तहत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक लाख से ज्यादा जल संरक्षण और जल संवर्धन कार्य स्वीकृत और क्रियान्वित किए जा रहे हैं.
जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका पर फोकस
अभियान के अंतर्गत आजीविका डबरी, नवा तरिया, कंटूर ट्रेंच सहित विभिन्न जल संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है. इन कार्यों का उद्देश्य जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराना है. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, गुरु खुशवंत साहेब सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे.



