CG News: अंबिकापुर की सड़क का Viral Video देख CM साय हुए सख्त, कलेक्टर को तुरंत सुधार के निर्देश
CG News: अंबिकापुर के खरसिया चौक की खराब सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले का संज्ञान लिया है. वायरल वीडियो में सड़क पर बड़े गड्ढों और बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती दिखाई दे रही थी. मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर बातचीत कर मौके की स्थिति की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने सड़क का तत्काल निरीक्षण कर जरूरी सुधार कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए.

गड्ढे भरने और जल निकासी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने गड्ढों को प्राथमिकता से भरने और सड़क का जरूरी समतलीकरण कराने को कहा है. इसके साथ ही बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचने के लिए जल निकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं. जिन स्थानों पर वाहनों का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर लोगों के लिए सुरक्षित और सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया है.
सभी कलेक्टरों को मौके पर जाने के निर्देश
अंबिकापुर की घटना के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि अधिकारी जरूरत पड़ने पर खुद मौके पर जाकर सड़क की स्थिति देखें और संबंधित विभागों तथा निर्माण एजेंसियों से समन्वय कर तत्काल समाधान कराएं. बारिश के दौरान सड़क क्षतिग्रस्त होने, जलभराव या निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए, इसे लेकर जिला प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
CM साय ने कहा कि जहां सड़क, पुल-पुलिया या निर्माणाधीन हिस्सों में दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षा इंतजाम किए जाएं. जरूरत के अनुसार चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सड़क निर्माण या मरम्मत का स्थायी काम प्रभावित हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद सड़कों को लोगों के आवागमन के लिए सुरक्षित और चलने योग्य बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
बारिश के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की समस्याओं का भी तेजी से समाधान करने को कहा है. कलेक्टरों को अधिक यातायात वाली प्रमुख और निर्माणाधीन सड़कों को चिन्हित कर उनकी लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, बारिश का मौसम खत्म होने के बाद सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के काम में तेजी लाने को कहा गया है, ताकि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे हों और लंबे समय तक आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े.

One Response