CG News: 16 नवंबर को ग्राम धनोरा में होगा भव्य आयोजन, कलार समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य मुलाकात
CG News: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल विधानसभा अंतर्गत ग्राम धनोरा में आगामी 16 नवंबर 2026, सोमवार को भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जयंती का संभाग स्तरीय विशाल आयोजन किया जाएगा. इस भव्य समारोह में शामिल होने के लिए कलार समाज के एक प्रमुख प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रायपुर में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में सादर आमंत्रित किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने अपनी सहमति प्रदान की है.
मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस धार्मिक व सामाजिक आयोजन का आमंत्रण देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सेवक राम नेताम, भाजपा जिला महामंत्री विजय पोया तथा कलार समाज के ब्लॉक अध्यक्ष दीपेश सेठिया ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया और आयोजन की भव्यता पर चर्चा की.

ग्राम धनोरा में तैयारियों को लेकर बढ़ा उत्साह
ग्राम धनोरा में होने वाले इस संभाग स्तरीय आयोजन को लेकर स्थानीय समाज के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विभिन्न गतिविधियां तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं. आयोजन समिति के सदस्यों का कहना है कि इस महाकुंभ में संभाग भर से हजारों की संख्या में समाज के लोग और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे.
बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी रहे मौजूद
इस शिष्टाचार भेंट और आमंत्रण कार्यक्रम के दौरान कलार समाज के ब्लॉक उपाध्यक्ष यादप्रसाद सिन्हा, ब्लॉक सचिव भवसागर बघेल, युवा प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष रोशन सिन्हा सहित नन्दलाल सूर्यवंशी, प्रेमराज बघेल, संजय प्रधान, लक्ष्मीनाथ अतकारी, सोनू राम वैध, गिरधारी प्रधान एवं आलमसिंह अतकारी समेत कई अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.


One Response