CG News: नकटी के 65 परिवारों का होगा सम्मानजनक पुनर्वास, सरकार ने पक्के मकान के साथ दी सभी जरूरी सुविधाएं
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नया रायपुर स्थित नकटी गांव में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई से पहले पात्र परिवारों को वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि किसी भी परिवार को बेघर न होना पड़े।
65 परिवारों को मिलेगा नया आशियाना
प्रशासन ने अतिक्रमण से प्रभावित 65 पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें नया रायपुर अटल नगर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस आवासों में बसाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन परिवारों को अस्थायी आवंटन भी किया जा चुका है, पुनर्वास के लिए तैयार किए गए आवासों में बिजली, पेयजल, सड़क, सीवर नेटवर्क, सामुदायिक भवन, पार्क और अन्य शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही रहने योग्य बनाने के लिए बिजली फिटिंग, ट्यूबलाइट और पंखों की व्यवस्था भी पूरी की जा रही है।
पुनर्वास की निगरानी करेगी विशेष समिति
पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आठ सदस्यीय समिति गठित की गई है। यह समिति पात्र परिवारों को आवास आवंटन से लेकर पुनर्वास की सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी, सेक्टर-30 में बने ईडब्ल्यूएस आवासों में से 109 खाली फ्लैट पुनर्वास के लिए चिन्हित किए गए हैं। प्रत्येक आवास लगभग 31.45 वर्गमीटर क्षेत्रफल का है और आधुनिक शहरी सुविधाओं से सुसज्जित है।
शासकीय भूमि पर विकसित होगी नई योजना
प्रशासन के अनुसार नकटी की शासकीय भूमि पर भविष्य की विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा। प्रस्तावित क्षेत्र में एक हिस्से का उपयोग विशेष परियोजनाओं के लिए किया जाएगा, जबकि शेष भूमि पर आवासीय विकास की योजना तैयार की जा रही है, अधिकारियों का कहना है कि लक्ष्य केवल शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को बेहतर और स्थायी आवास उपलब्ध कराना भी है। इसी उद्देश्य से पुनर्वास की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।

