CG News: मुख्यमंत्री साय की समीक्षा बैठक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल सेवाओं और इंटरनेट विस्तार पर बड़ा फोकस
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में एआई मिशन, डिजिटल गवर्नेंस, मोबाइल नेटवर्क विस्तार, भारतनेट फेज-3 और विभिन्न डिजिटल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

AI से मिलेगा रोजगार और कौशल विकास
बैठक में बताया गया कि राज्य में एआई आधारित कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे युवाओं को नई तकनीकों का प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकें। स्कूलों में AI जागरूकता अभियान, रोबोटिक्स क्लब और हैकाथॉन आयोजित किए जाएंगे, जबकि कॉलेजों और आईटीआई में AI लैब, सर्टिफिकेशन कार्यक्रम और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे, सरकार एआई आधारित स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने पर भी जोर दे रही है। इसके तहत डेटा लैब्स, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, रिसर्च प्रोजेक्ट, क्लाउड कंप्यूटिंग सुविधा और सीड फंडिंग जैसी पहल शुरू की जाएंगी। उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से नवाचार को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है।

सरकारी सेवाओं में बढ़ेगा AI का इस्तेमाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई का उपयोग केवल तकनीक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी, त्वरित और नागरिक-केंद्रित बनाने में भी किया जाएगा। विभिन्न विभागों में एआई आधारित निर्णय सहायता प्रणाली विकसित की जाएगी और नागरिकों को उनकी स्थानीय भाषा में डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भाषिणी प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा।
डेटा सुरक्षा और जिम्मेदार AI पर विशेष ध्यान
राज्य सरकार एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के लिए अलग नीति तैयार करेगी। इसमें डेटा सुरक्षा, नागरिकों की निजता, तकनीकी ऑडिट और डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन कानून के अनुरूप व्यवस्थाएं शामिल होंगी, बैठक में बताया गया कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य में लगभग 1,000 नए मोबाइल टावर स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 577 नए टावरों को स्वीकृति मिल चुकी है, जिनमें अधिकांश के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सरकार का लक्ष्य दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा पहुंचाना है।
भारतनेट फेज-3 से जुड़ेंगी 4,114 ग्राम पंचायतें
भारतनेट फेज-3 के तहत राज्य की 4,114 ग्राम पंचायतों को आधुनिक नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, इसके साथ ही गांवों तक हाई-स्पीड इंटरनेट और एफटीटीएच सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी, वर्तमान में सेवा सेतु पोर्टल पर 36 विभागों की 520 सेवाएं उपलब्ध हैं। राज्यभर के 16,726 सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। हाल के आंकड़ों के अनुसार, लाखों आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है, जिससे सेवा वितरण में पारदर्शिता और गति आई है।
आईटी सेक्टर में बढ़ेंगे निवेश और रोजगार
सरकार नवा रायपुर में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप, एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, डेटा लैब्स और अन्य डिजिटल परियोजनाओं को विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इन पहलों से राज्य में आईटी एवं आईटीईएस क्षेत्र को बढ़ावा मिलने के साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

