CG News: नवा रायपुर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का आगाज, 11 साल बाद छत्तीसगढ़ को मिली मेजबानी
CG News: नवा रायपुर अटल नगर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन की शुरुआत हुई. करीब 11 वर्षों के अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ को इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है. सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में देशभर से राज्य निर्वाचन आयुक्त, वरिष्ठ अधिकारी और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हुए. सम्मेलन का उद्देश्य स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करना है.

स्थानीय निकाय निर्वाचन वर्ष पुस्तिका 2026 का विमोचन
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने ‘स्थानीय निकाय निर्वाचन वर्ष पुस्तिका- 2026’ के पहले संस्करण का विमोचन किया. इस पुस्तक में प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनावों की प्रक्रिया, निर्वाचन व्यवस्था, उपलब्धियों और किए गए नवाचारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल की गई है. राज्यपाल ने स्थानीय स्वशासी संस्थाओं और त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव को मजबूत बनाने पर जोर दिया. उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, समावेशिता और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को जरूरी बताया.

डिजिटल तकनीक और चुनावी नवाचार पर चर्चा
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने स्वागत भाषण में सम्मेलन में शामिल सभी प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया और स्थानीय निकाय चुनावों को अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने के प्रयासों की जानकारी दी. मुख्य सचिव विकास शील ने भी सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्थानीय स्वशासन और निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर अपने विचार रखे. सम्मेलन में डिजिटल तकनीक, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रिया को सरल बनाने जैसे विषयों पर चर्चा शुरू हुई.
देशभर के निर्वाचन विशेषज्ञ कर रहे अनुभव साझा
सम्मेलन में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव ने भी अपने विचार रखे. वहीं, स्थायी समिति के संयोजक सुधांशु पांडे ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह, आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान विभिन्न राज्यों में स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े अनुभव, तकनीकी प्रयोग और निर्वाचन व्यवस्था में किए गए नवाचारों को साझा किया जा रहा है.
17 सितंबर को स्टैंडिंग कमिटी की बैठक और भ्रमण
दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने के साथ चुनावी व्यवस्थाओं में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है. 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के नवा रायपुर कार्यालय में स्टैंडिंग कमिटी की बैठक आयोजित होगी. इसके बाद नवा रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से कैपिटल सिटी के निर्माण और विकास पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा. सम्मेलन में शामिल अतिथियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय समेत नवा रायपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा.


One Response