CG News: रायपुर में आज से 14वां इंडस्ट्रियल फेयर, युवाओं को मिलेंगे नौकरी और रोजगार के सीधे मौके
CG News: छत्तीसगढ़ में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और नए कारोबार की शुरुआत करने वालों के लिए 18 सितंबर से बड़ा आयोजन शुरू होने जा रहा है. राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में 18 से 20 सितंबर 2026 तक 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 आयोजित किया जाएगा. इसे प्रदेश के बड़े औद्योगिक आयोजनों में शामिल किया जा रहा है.

युवाओं को मिल सकते हैं नौकरी के सीधे अवसर
इंडस्ट्रियल फेयर का प्रमुख उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उद्योगों से जोड़ना और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है. आयोजन में देशभर से उद्योगपति, MSME उद्यमी, स्टार्टअप और निवेशक शामिल होंगे. युवाओं और छात्रों के लिए प्लेसमेंट कैंप भी लगाया जाएगा, जहां वे कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने सीधे इंटरव्यू देकर नौकरी के अवसर हासिल कर सकेंगे.
स्टार्टअप और बिजनेस आइडिया को मिलेगा मंच
फेयर में MSME, स्टार्टअप, निवेश, रोजगार और नवाचार से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रम होंगे. युवा उद्यमियों को अपने बिजनेस आइडिया और नए प्रोडक्ट्स निवेशकों के सामने पेश करने का मौका मिलेगा. इसके जरिए कारोबारी अपने आइडिया के लिए निवेश और संभावित बिजनेस पार्टनरशिप की तलाश कर सकेंगे.
आधुनिक तकनीक और नए प्रोडक्ट्स की प्रदर्शनी
इंडस्ट्रियल फेयर में आधुनिक तकनीक और नए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. निवेशकों और उद्यमियों के बीच विशेष बातचीत के जरिए बिजनेस विस्तार और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा होगी. साथ ही जाने-माने उद्योगपति कारोबार शुरू करने और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी साझा करेंगे.
मुख्यमंत्री साय भी होंगे शामिल
इंडस्ट्रियल फेयर 2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल होंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीएम साय सुबह 11:15 बजे साइंस कॉलेज ग्राउंड पहुंचेंगे. तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में रोजगार, निवेश, स्टार्टअप और औद्योगिक विकास से जुड़े कई अवसर एक ही मंच पर उपलब्ध होंगे.
