CG News: पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान, 13 KM तक जगमगाए 25 लाख दीये
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ में भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए. राजधानी रायपुर में घड़ी चौक से मरीन ड्राइव तक करीब 13 किलोमीटर के मार्ग पर 25 लाख दीये जलाए गए. मरीन ड्राइव में अकेले 1 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा इलाका दीपों की रोशनी से जगमगा उठा.

मरीन ड्राइव पहुंचे मुख्यमंत्री साय
‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए. मुख्यमंत्री निवास से भगत सिंह चौक होते हुए वे मरीन ड्राइव पहुंचे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया. इस दौरान मरीन ड्राइव समेत पूरे 13 किलोमीटर के मार्ग पर दीप प्रज्ज्वलन किया गया.

सीएम साय ने PM मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह दिन विशेष है, क्योंकि भगवान विश्वकर्मा की जयंती भी इसी दिन है. सीएम ने बताया कि देशभर में ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाया जा रहा है और रायपुर में 25 लाख से ज्यादा दीप जलाने की अपील की गई थी. उन्होंने कहा कि राजधानी में दीपों का आयोजन देखने को मिल रहा है.
मुख्यमंत्री निवास में भी जलाया गया आशीर्वाद का दीपक
मुख्यमंत्री निवास में शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाया गया. सीएम साय ने अलग-अलग समाजों और संगठनों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए रामकृष्ण मिशन, ब्रह्मकुमारी, गायत्री परिवार सहित मुस्लिम, जैन और सिख समाज समेत अन्य संगठनों का आभार जताया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का जिक्र किया और कहा कि उनके नेतृत्व में नए भारत के निर्माण की दिशा में काम हो रहा है.
प्रदेश के दूसरे जिलों में भी हुए दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम
रायपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों में भी ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किए गए. मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल कार्यक्रम में शामिल हुए. महेंद्रगढ़ के गंगा सरोवर में बड़ी संख्या में लोगों ने दीप जलाए. इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष चम्पा देवी सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे. कार्यक्रमों के जरिए अलग-अलग स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए.
