CG News: महतारी वंदन योजना में e-KYC अनिवार्य, 30 जून तक फ्री में पूरी करें प्रक्रिया
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में महतारी वंदन योजना के तहत सभी पात्र हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। शासन के निर्देशानुसार यह प्रक्रिया 30 जून तक पूरी करनी होगी, ताकि योजना की राशि में किसी प्रकार की रुकावट न आए।
CSC और आंगनबाड़ी से होगी मुफ्त सेवा
ई-केवाईसी की सुविधा चिन्हित सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से दी जा रही है। खास बात यह है कि यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है, जिससे किसी भी हितग्राही को आर्थिक परेशानी न हो।
आसान प्रक्रिया, सिर्फ आधार और आईडी जरूरी
ई-केवाईसी के लिए हितग्राहियों को केवल आधार कार्ड और योजना की पंजीकरण आईडी लेकर नजदीकी केंद्र पर जाना होगा। किसी भी प्रकार के दस्तावेज की फोटोकॉपी या प्रिंटआउट की आवश्यकता नहीं है। आईडी की जानकारी न होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क किया जा सकता है।
गड़बड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई सीएससी संचालक या कार्यकर्ता ई-केवाईसी के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पहले भी ऐसी शिकायतों पर लाइसेंस रद्द किए जा चुके हैं।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
ई-केवाईसी में किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। हितग्राही इन नंबरों पर कॉल या व्हाट्सएप के जरिए शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिला प्रशासन ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख से पहले अपना ई-केवाईसी पूरा कर लें, ताकि योजना का लाभ लगातार मिलता रहे और किसी प्रकार की बाधा न आए।

