CG News: सूरजपुर में मनरेगा से पनारी नाले का जीर्णोद्धार, 1200 ग्रामीणों को पेयजल और सिंचाई का लाभ
CG News: छत्तीसगढ़ में मनरेगा के तहत जल संरक्षण और ग्रामीण विकास का एक सफल उदाहरण सामने आया है। सूरजपुर जिले के भैयाथान जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत पहाड़ अमोरनी में पनारी नाले का जीर्णोद्धार कर उसे फिर से जीवंत किया गया है, जिससे अब 1200 से अधिक ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है।
गाद सफाई और मरम्मत से बदली तस्वीर
इस कार्य के तहत नाले की गाद सफाई की गई और पहले से बने स्टॉप डेम की मरम्मत की गई। कुल 156 मानव दिवस में पूरा हुआ यह काम जल संरक्षण की दिशा में अहम साबित हुआ है। अब नाले में करीब 2 मीटर तक जलस्तर बना हुआ है।
पेयजल संकट से मिली राहत
नाले में पानी भरने से गांव में हैंडपंप और अन्य जल स्रोतों में पानी की उपलब्धता बढ़ी है। इससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए अब ज्यादा परेशानी नहीं उठानी पड़ रही, इस जलस्रोत से करीब 200 पशुओं की पानी की जरूरत पूरी हो रही है, जिससे पशुपालन करने वाले परिवारों को भी बड़ी राहत मिली है।
खेती को मिला नया सहारा
नाले के पुनर्जीवन से लगभग 20 हेक्टेयर जमीन पर खेती को लाभ मिला है। करीब 26 किसान अब रबी-खरीफ फसलों के साथ-साथ सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं, गांव के किसान अपनी उपज को स्थानीय बाजार में बेचकर अच्छी आमदनी कमा रहे हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिल रहा है।
रोजगार और विकास का मॉडल
इस परियोजना ने न केवल जल संरक्षण किया, बल्कि रोजगार भी उपलब्ध कराया। मनरेगा के तहत किए गए इस कार्य ने ग्रामीणों को काम और संसाधन दोनों दिए, यह पहल दिखाती है कि सही योजना और बेहतर क्रियान्वयन से गांवों में आत्मनिर्भरता लाई जा सकती है। पनारी नाले का जीर्णोद्धार जल, रोजगार और कृषि तीनों क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव का उदाहरण बन गया है।

