CG News: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 55 जोड़ों का सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री साय होंगे शामिल
CG News: परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम 14 और 15 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के गंगरेल में देखने को मिलेगा। यहां मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 55 जोड़ों का सामूहिक विवाह भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन आदिशक्ति मां अंगारमोती मंदिर परिसर में संपन्न होगा।
मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ जाएगी। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
दो दिवसीय पारंपरिक आयोजन
कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यह आयोजन 14 और 15 अप्रैल 2026 को आदिवासी समाज की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा, 14 अप्रैल को कार्यक्रम की शुरुआत ‘रूढ़िजन्य’ परंपरा के तहत तेल-माटी, मड़वा मंडप और देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना से की जाएगी।
15 अप्रैल को होगा सामूहिक विवाह समारोह
15 अप्रैल को मुख्य सामूहिक विवाह एवं आशीर्वाद समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समाज और संस्कृति को बढ़ावा
यह आयोजन आदिवासी ध्रुव गोंड समाज, जिला धमतरी द्वारा किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सामाजिक एकता, सादगीपूर्ण विवाह और परंपराओं को सहेजना है। यह कार्यक्रम समाज में सामूहिक विवाह को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
गणमान्य अतिथि होंगे शामिल
कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी शामिल रहेंगे। इसमें रामविचार नेताम, केदार कश्यप, टंकराम वर्मा, रूपकुमारी चौधरी, अजय चंद्राकर, ओंकार साहू, अंबिका मरकाम सहित अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहेंगी।

